यातायात नियमों के पालन की आदत डालें : संदीप कुमार
5 Dariya News (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 24-Apr-2018
लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने और बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के मकसद से धर्मशाला में मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधीश कांगड़ा संदीप कुमार ने हनुमान चौक से रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली शहीद स्मारक में संपन्न हुई। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कांगड़ा द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस सड़क सुरक्षा रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों के साथ साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इससे पूर्व, संदीप कुमार सुलह उपमंडल के ननाओं में राजकीय उच्च विद्यालय के बच्चों द्वारा निकाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली में भी शामिल हुए।इस मौके संदीप कुमार ने युवाओं से निजी तौर पर यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर अन्यों को भी जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हम स्वयं सख्ती से नियमों का पालन करें तो दुर्घटना होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, दो पहिया वाहनों पर हैलमेट पहन कर यात्रा करने के अलावा कार से सफर करते हुए सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्देशित गति सीमा का पालन करने जैसे नियमों को आदत में शामिल करने की जरूरत है। वाहनों को ओवरटेक करते समय अपनी गााड़ी की गति के साथ दाएं बाएं और पीछे का भी खयाल रखना चाहिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर लागों को जागरूक करने के लिए सभी संबंधित विभागों को और बेहतर तालमेल से कार्य करते हुए जन भागीदारी से अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यातायात की सुचारू व्यवस्था एवं दुर्घटनाएं रोकने के लिए विशेष कदम उठा रहा है। स्कूलों के प्रबंधन, वाहन मालिकों व चालकों, परिवहन विभाग सहित संबंधित विभागांे को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। जिलाभर में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर उनका सुधार किया जा रहा है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है।इस मौके क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कांगड़ा मेजर डॉ. विशाल शर्मा, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों, विभिन्न स्कूलों के करीब 300 विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने रैली में भाग लिया।