5 Dariya News

केजरीवाल बने प्रदर्शनकारी, शिंदे ने चेताया

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली(आईएएनएस) 20-Jan-2014

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को दिल्ली पुलिस के रवैये के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए अपने मंत्रियों और लगभग 1,000 समर्थकों के साथ खुद धरना पर बैठ गए। वह चाहते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्रालय दिल्ली पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे, जिन्हें उनकी सरकार दोषी मानती है। मुख्यमंत्री ने आवेश में खुद को 'अराजकतावादी' बताया।आम आदमी पार्टी (आप) ने अप्रत्याशित रूप से रेल भवन के सामने धरना दिया और अपनी बात रखते हुए आवेश में कहा, "हां, मैं अराजकतावादी हूं।" वह चाहते हैं कि दिल्ली पुलिस उनके नियंत्रण में हो।इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने दिल्ली सरकार की मांग को खारिज करते हुए कहा कि दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है, इसलिए वाशिंगटन डीसी की तरह यहां की पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है। उन्होंने केजरीवाल से मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए धरना-प्रदर्शन से खुद को अलग रखने का आग्रह किया।शिंदे ने यह घोषणा भी की कि दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग तीन पुलिस थानों के एसएचओ और दो सहायक पुलिस आयुक्तों के खिलाफ न्यायिक जांच के आदेश दे चुके हैं। जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जानी चाहिए।आक्रोशित केजरीवाल ने शिंदे की अपील ठुकरा दी। उन्होंने कहा कि जांच होती रहे, मगर इसी बीच उन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए जिन्हें दिल्ली सरकार दोषी मानती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो वह 10 दिनों तक धरना देने की तैयारी करके आए हैं।

धरने के दौरान ही केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने अपना कार्यालयी कामकाज भी शुरू कर दिया। उन्होंने फाइलें पढ़ीं और हस्ताक्षर किए।इससे पहले केजरीवाल और उनके मंत्रियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय के बाहर धरने के लिए जाने के दौरान रास्ते में रोका गया। उन्होंने पुलिस की अकर्मण्यता के खिलाफ धरने का आह्वान किया है।केजरीवाल की कार को रेल के भवन के नजदीक रायसीना रोड के सामने रोका गया। पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आगे बढ़ने से रोका।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों को गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास चलने के कारण दोपहर तक रोका जा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने पुलिस अधिकारियों पर दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के निगरानी छापे में उनकी मदद न करने और दहेज के एक मामले में मंत्री राखी बिरला की शिकायत पर उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।दोपहर बाद केजरीवाल को जाने की इजाजत दी गई। हालांकि, वह और उनके मंत्रियों ने रायसीना रोड से दूर पार्क में प्रदर्शन करने का फैसला किया।पुलिसकर्मियों की एक टुकड़ी तैनात कर दी गई है और रफी मार्ग और रायसीना रोड पर नाकेबंदी कर दी गई है, जो नार्थब्लाक की तरफ जाती है।सुबह केजरीवाल और मंत्रियों ने दिल्ली सचिवालय में मुलाकात की थी, जहां से वे दिल्ली पुलिस द्वारा लागू धारा 144 की अनदेखी करते हुए गृह मंत्रालय की तरफ निकले।