5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (चक्का फेंक) : सीमा ने जीता रजत, नवजीत को कांस्य

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 12-Apr-2018

भारत की अनुभवी चक्का फेंक एथलीट सीमा पुनिया ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में आठवें दिन गुरुवार को रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, इसी स्पर्धा में भारत की एक अन्य एथलीट नवजीत ढिल्लन ने कांस्य पदक अपने नाम किया है।स्वर्ण पदक आस्ट्रेलिया की डानी स्टीवंस ने जीता। स्टीवंस ने 20 साल पुराना गेम रिकार्ड तोड़ते हुए सोना अपने नाम किया।सीमा ने शानदार शुरुआत की और पहले ही प्रयास में 60.41 मीटर की दूरी तय की। हालांकि इसके बाद, उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। सीमा ने दूसरे प्रयास में 59.97 मीटर की दूरी तय की।उनका तीसरा प्रयास असफल रहा लेकिन चौथे प्रयास में उन्होंने 58.54 मीटर तक चक्का फेंका। सीमा के प्रदर्शन में उथल-पुथल जारी रही और उनका पांचवां प्रयास भी असफल रहा लेकिन उन्होंने अंतिम प्रयास में 58.90 मीटर की दूरी तय करके रजत पदक सुनिश्चित कर लिया।दूसरी तरफ, भारत की नवजीत ढिल्लन की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने पहले प्रयास में केवल 55.61 मीटर की दूरी तय की और दूसरे एवं तीसरे प्रयास में वह असफल रही।चौथे प्रयास में सुधार करते हुए नवजीत ने 56.22 मीटर तक चक्का फेंका जबकि पांचवें प्रयास में वह केवल 54.09 मीटर की ही दूरी तय कर पाई। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि न्यूजीलैंड की सोसितीना हाकेई कांस्य पदक पर कब्जा करेंगी लेकिन अंतिम प्रयास में वह सिर्फ 56.96 मीटर की दूरी तय कर पाई जबकि नवजीत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57.43 मीटर की दूरी तय करके कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।इससे पहले, स्टीवंस ने 68.26 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए सोना जीता। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों का 20 साल पुराना गेम रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।न्यूजीलैंड की बेट्रिस रोइनी लियुआ ने 20 सितम्बर, 1998 में कुआलालम्पुर में 65.92 मीटर तक चक्का फेंक राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे स्टीवंस ने तोड़ दिया।