5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : श्रेयसी सिंह को स्वर्ण, अंकुल मित्तल, ओम को रजत

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 11-Apr-2018

यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का सातवां दिन बुधवार निशानेबाजी में एक बार फिर भारत को लिए पदक लेकर आया। भारत ने इस दिन एक स्वर्ण और दो कांस्य पदकों को मिलकर कुल तीन पदक अपनी झोली में डाले। भारत को स्वर्ण महिला डबल ट्रैप स्पर्धा में श्रेयसी सिंह ने दिलाया। वहीं अंकुल मित्तल और ओम मिथरवाल को कांसा मिला। श्रेयसी ने महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा के फाइनल्स में पहला स्थान हासिल कर सोना जीता। हालांकि, इसी स्पर्धा में एक अन्य भारतीय निशानेबाज वर्षा वर्मन कांस्य पदक हासिल करने से एक अंक से चूक गईं। साल 2014 में ग्लोस्गो में आयोजित 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में श्रेयसी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था और इस बार वह अपने पदक के रंग को बदलने में सफल रहीं। श्रेयसी ने शूट-ऑफ में आस्ट्रेलिया की एमा कोक्स को एक अंक से हराते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 98 अंक हासिल किए। सभी चार स्तरों में कुल 96 अंक हासिल करने के साथ उन्होंने शूट-ऑफ में अपने दोनों निशाने सही लगाए और जीत हासिल की।एमा को इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल हुआ। उन्होंने भी सभी चार स्तरों में 96 अंक हासिल किए थे। वहीं उन्होंने शूट-ऑफ में दो निशानों में से एक गलत लगाया और इस कारण वह दूसरे स्थान पर रहीं। स्कॉटलैंड की लिंडा पियरसन ने 87 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। पियरसन ने भारत की वर्षा से एक अंक आगे रहते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वर्षा ने कुल 86 अंक हासिल किए थे। महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा को ही फाइनल माना जाता है और ऐसे में 26 वषीर्या श्रेयसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोना जीता। 2014 में ग्लास्गो में पीठ में दर्द के बावजूद श्रेयसी ने इस स्पर्धा में हिस्सा लिया और 20वें राष्ट्रमंडल खेलों का रजत पदक जीता था। पुरुषों की डबल ट्रैप स्पर्धा का कांस्य अंकुर के नाम रहा। अंकुर ने 53 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय निशानेबाज अशभ मोहद को निराशा हाथ लगी। 

इस स्पर्धा में स्कॉटलैंड के 21 साल के निशानेबाज डेविड मेक्मेथ ने स्वर्ण पदक जीता और साथ ही इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने 74 अंक हासिल किए। आइल ऑफ मैन के टिम नील ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। उन्होंने मेक्मेथ से चार अंक पीछे रहते हुए 70 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले, क्वालिफिकेशन में शीर्ष-6 निशानेबाज ही फाइनल में प्रवेश कर सकते हैं और ऐसे में 27 निशानेबाजों के बीच अशब और अंकुर ने फाइनल में पहुंचने के साथ ही स्वयं को पदक की दौड़ में बनाए रखा है। अशब ने क्वालिफिकेशन में 137 अंक हासिल करने के साथ ही शूट-ऑफ में पांच अंक हासिल किए, वहीं अंकुर ने 133 अंक हासिल किए। इस क्वालिफिकेशन में स्कॉटलैंड के डेविड मेक्मेथ ने 137 अंकों के साथ शूट-ऑफ में छह अंक लिए और पहला स्थान हासिल किया। वहीं ओम मिथरवाल ने पुरुषों की 50 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इससे पहले, उन्होंने नौ अप्रैल को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का कांस्य भी अपने नाम किया था। मिथरवाल ने पुरुषों की 50 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में कुल 201.1 अंक हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। हालांकि, इस स्पर्धा में जीतू राय ने निराश किया। वह 105 का स्कोर कर पहले ही पदक की दौड़ से बाहर हो गए। जीतू ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण जीता था। अपनी उस सफलता को वह इस स्पर्धा में नहीं दोहरा पाए।जीतू ने इससे पहले नौ अप्रैल को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया था। स्पर्धा का स्वर्ण आस्ट्रेलिया के डेनियल रेपाचोली के नाम रहा, जिन्होंने 227.2 का कुल स्कोर करते गुए गेम रिकार्ड बनाया। वहीं रजत पदक बांग्लादेश के शकील अहमद के नाम रहा जिन्होंने 220.5 का स्कोर किया। मिथरवाल और जीतू ने यहां क्वालीफिकेशन में क्रमश: पहला और छठा स्थान हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। जीतू ने कुल 542 का स्कोर करते हुए फाइनल में जगह बनाई तो वहीं मिथरवाल ने 549 का स्कोर किया।