5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (हॉकी) : भारत की पुरुष, महिला टीम सेमीफाइनल में

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 10-Apr-2018

भारत के हॉकी प्रशंसकों के लिए मंगलवार को दिन अच्छा रहा। देश की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 2-1 से मात दी तो वहीं महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को संघर्षपूर्ण मुकाबले में मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।इस जीत के बाज पुरुष टीम पुल-बी में तीन अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। वह अपना आखिरी पूल मैच इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को खेलेगी। हर पूल में से शीर्ष-2 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। ऐसे में भारत का अंतिम-4 में जाना तय है।भारत की पुरुष टीम के लिए हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे और 44वें मिनट में गोल किए जबकि मलेशिया के लिए फैजल सारी ने 16वें मिनट में एक मात्र गोल किया। हरमनप्रीत ने दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए।भारत ने मैच की शानदार शुरुआत की और तीसरे मिनट में ही बढ़त ले ली। मैच के तीसरे मिनट में ही भारत ने मलेशिया के घेरे में जगह बनाई और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया जिस पर हरमनप्रीत ने गोल करते हुए भारत को 1-0 से आगे कर दिया।गोल खाने के बाद भी मलेशिया दबाव में नहीं आई और उसने कई बार भारतीय रक्षापंक्ति की परीक्षा ली। वो हालांकि अपने प्रायसों को अंजाम नहीं दे सकी और पहले क्वार्टर का अंत भारत के पक्ष में 1-0 से हुआ।दूसरे क्वार्टर में हालांकि वो बराबरी करने में सफल रही। मलेशिया के लिए यह गोल फैजल सारी ने किया। फैजल के पास गेंद आई और वो उसे लेकर अकेले आगे बढ़ दिए। उन्होंने आसानी से वन-टू-वन में भारत के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को मात देते हुए बराबरी का गोल किया।अगले ही मिनट भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत के हिस्से दूसरा गोल नहीं आया। भारत ने दूसरे क्वार्टर में मलेशियाई खेमे में आक्रमण के जो प्रयास किए वो अंजाम तक नहीं पहुंच सके। दूसरे क्वार्टर का अंत 1-1 की बराबरी पर हुआ।तीसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर हरमनप्रीत ने गोल करते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।इस बढ़त को भारत ने आखिरी क्वार्टर तक कायम रखा और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 

मलेशिया के खिलाफ मिली जीत के बाद कोच शअर्ड मरेन ने अपने एक बयान में कहा, "हम जीत हासिल कर काफी खुश हैं। मुझे लगता है कि पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच 2-2 से ड्रॉ होने के बाद खिलाड़ियों ने अपने खेल में काफी सुधार किया है।मरेन ने कहा, "अभी कई स्थान ऐसे हैं, जहां टीम को और भी सुधार करने हैं। मलेशिया के खिलाफ मिली जीत से टीम को अगले मैच के लिए अच्छी लय मिलेगी।"वहीं महिला टीम ने सविता की शानदार गोलकीपिंग के दम पर और कप्तान रानी के गोल से अपने अंतिम ग्रुप मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराने के साथ ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए इस रोमांचक मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से मात दी। पहले क्वार्टर से ही दोनों टीमों के बीच गोल के लिए कड़ा संघर्ष देखा गया। पहले ही मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने गोल कर बढ़त हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन गोलकीपर सविता ने इसे सफल नहीं होने दिया। इसके बाद, आठवें मिनट में दीपिका ने कॉर्नर से गेंद को अपनी साथी खिलाड़ी को पास किया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की गोलकीपर मेबांडे ने असफल करते हुए भारतीय टीम को बढ़त नहीं लेनी दी। भारत को 12वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल करने का मौका मिला था, लेकिन वह इसे भुना नहीं पाई। इसके अगले ही मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन सविता ने अपने पैर से गेंद को रोकते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को बढ़त लेने से रोक दिया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमें संघर्ष करती नजर आईं। तीसरे क्वार्टर में 32वें मिनट में ही दक्षिण अफ्रीका ने दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन सविता ने शानदार तरीके से बचाव करते हुए गोल नहीं होने दिया। तीसरे क्वार्टर में 36वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का मौका मिला था, लेकिन गुरजीत कौर की हॉकी स्टिक से लगा शॉट दक्षिण अफ्रीका के गोल पोस्ट के अंदर जाने के बजाए छू कर वापस चला गया। इसके बाद कुछ समय बाद नवनीत को पास मिला था, लेकिन वह इसे गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचा पाईं। इस प्रकार से तीसरा क्वार्टर भी बिना गोल के समाप्त हुआ। अपनी गोल की कोशिश में लगी भारतीय टीम को कप्तान रानी ने एक बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 48वें मिनट में वंदना कटारिया से मिले पास को सीधे दक्षिण अफ्रीका के गोल पोस्ट पर पहुंचाकर भारतीय टीम का खाता खोला। इसके बाद, अपने डिफेंस के दम पर भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को गोल करने का मौका नहीं दिया और अंत में 1-0 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।