5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (भारोत्तोलन) : प्रदीप सिंह ने जीता रजत

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 09-Apr-2018

भारत के प्रदीप सिंह ने यहां जारी राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन सोमवार को भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। प्रदीप ने भारोत्तोलन में पुरुषों की 105 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में रजत पदक पर कब्जा जमाया। भारत को अधिकतम स्वर्ण पदक भारोत्तोलन प्रतियोगिता से ही मिले हैं। उन्होंने स्नैच में 152 किलो का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 200 किलो का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया। प्रदीप ने कुल 352 किलो का भार उठाया। वह स्वर्ण की दौड़ में थे, लेकिन क्लीन एंड जर्क में आखिरी दो प्रयासों में असफल रहने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। स्पर्धा का स्वर्ण पदक समोआ के सोनेले माओ को मिला जिन्होंने 360 का कुल स्कोर किया। कांस्य पदक पर इंग्लैंड के ओवेन बोक्सल ने कब्जा किया, जिन्होंने कुल 351 का स्कोर किया। उन्होंने स्नैच में 152 किलो का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया।