5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (हॉकी) : भारत की महिला एवं पुरुष टीमों की जीत

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 08-Apr-2018

यहां जारी राष्ट्रमंडल खेलों का चौथा दिन भारत के हॉकी के प्रशंसकों के लिए सुखद रहा। रविवार को भारत की पुरुष एवं महिला, दोनों टीमों ने जीत दर्ज की। महिला टीम ने अपने से मजबूत मानी जा रही इंग्लैंड की टीम को 2-1 से मात दी। लेकिन, पुरुष टीम को अपना मुकाबला जीतने के लिए पसीना बहाना पड़ा। उसने अपने से कमजोर मानी जा रही वेल्स को कड़े मुकाबले में 4-3 से हराया।यह मुकाबला लगभग ड्रॉ लग रहा था, लेकिन एस.वी. सुनिल ने अहम समय पर गोल कर भारत को पहली जीत दिलाई।वेल्स ने अपने ड्रैग फ्लिकर गारेथ फर्लोग की हैट्रिक के दम पर स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया था। भारत जब भी मैच में बढ़त लेता, गारेथ गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला देते।भारत के लिए पहला गोल दिलप्रीत ने 16वें मिनट में किया। दिलप्रीत ने दाहिने छोर से शानदार डाइव मार भारत को 1-0 से आगे कर दिया, लेकिन एक मिनट बाद ही गारेथ ने वेल्स को बराबरी पर ला दिया। मनदीप सिंह ने 27वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड पर गोल कर भारत को एक बार फिर आगे कर दिया। वेल्स को हालांकि बराबरी का गोल करने के लिए 17 मिनट लगे। गारेथ ने स्कोर एक बार फिर बराबर कर दिया। 

56वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत सिंह ने उसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। भारत 3-2 से आगे था लेकिन गारेथ ने एक मिनट बाद ही भारतीय गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को मात देकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।हालांकि भारत का मनोबल गिरा नहीं और उसने आक्रमण जारी रखे और अगले ही मिनट उसे एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर सुनिल ने रिबाउंड पर गोल करते हुए भारत को जीत दिलाई।भारत का पहला मैच पाकिस्तान से 2-2 से ड्रॉ रहा था। दूसरे मैच में जीत के साथ भारत पूल-बी में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।महिला टीम ने इंग्लैंड की ओर से अच्छी शुरुआत के बावजूद उसे 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में स्थान हासिल करने की उम्मीद बरकरार रखी है।पूल-ए के इस मैच में भारत के लिए नवनीत कौर और गुरजीत कौर ने गोल किया। भारतीय टीम का सामना अब पूल-ए में 10 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका से होगा।इंग्लैंड मैच जरूर हार गई लेकिन मैच में दबदबा उसी का दिखा। पहले ही मिनट में इंग्लैंड की कप्तान एलेक्जेंड्रा डेनसन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दी। इसके बाद, भारतीय गोलकीपर सविता ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम की ओर से की गई दो कोशिशों को नाकाम किया। आठवें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला था, लेकिन टीम इस अवसर को भुना नहीं पाई। 

दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला। जी. एस्ले इस अवसर का फायदा नहीं उठा पाईं और गोल करने से चूक गईं। 28वें मिनट में भी इंग्लैंड की टीम एक और पेनाल्टी कॉर्नर को भुनाने से चूक गईं। सविता ने गोल नहीं होने दिया। भारत की ओर से 31वें मिनट में वंदना ने गोल की अच्छी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर ने इस कोशिश को असफल कर दिया। 34वें मिनट में इंग्लैंड को एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन डिफेंडर सुनीला लाकड़ा ने इसे भारत के गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचने दिया। भारतीय टीम 38वें मिनट में एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने से चूक गईं। 41वें मिनट में नवनीत ने गोल कर भारत का स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से बराबर कर दिया।इसके बाद, चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुआ। इस अवसर को गुरजीत ने भुनाते हुए गोल किया और भारत को 2-1 से आगे कर दिया।भारत ने इसके बाद अच्छे डिफेंस के दम पर इंग्लैंड को गोल कर बराबरी नहीं करने दी और अंत में 2-1 से जीत हासिल की।