5 Dariya News

राष्ट्रमंडल खेल (भारोत्तोलन) : एशियाई खेलों के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी : दीपक लाठेर

5 Dariya News

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया) 06-Apr-2018

राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन शुक्रवार को पुरुषों की भारोत्तोलान स्पर्धा के 69 किलोग्राम भारवर्ग में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले दीपक लाठेर ने कहा है कि एशियाई खेलों में उन्हें ज्यादा मेहनत करनी होगी। दीपक ने स्नैच में 136 किलोग्राम भार उठाया। वहीं क्लीन एंड जर्क में 159 किलोग्राम भार उठाया। उन्होंने कुल स्कोर 295 के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। दीपक ने पदक जीतने के बाद कहा," मैंने पदक जीतने की उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन यह पता नहीं था कि अंतिम समय में मेरी किस्मत इतनी अच्छी होगी और मैं पदक जीत जाऊंगा। एशियाई खेलों में हम इससे अच्छा परिणाम हासिल करने की कोशिश करेंगे। इसके लिए हमें इससे भी ज्यादा मेहनत करने की जरुरत है।"18 साल के दीपक राष्ठमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उनके नाम अभी भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। दीपक ने साथ ही माना कि उन्हें अभी अपनी तकनीक पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा," हां, अभी तकनीकी रूप में उतना अच्छा नहीं हूं जितना होना चाहिए। हमें अभी अपने तकनीकी विभाग में काफी सुधार करने की जरूरत है।"राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा ने कहा," वह पहले से ही पांच फुट नौ इंच लंबे हैं। इसलिए वह अभी और अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। उनके पास अभी खुद को साबित करने का बहुत मौका है। हम उन्हें इससे भी ऊंचाई पर देखना चाहते हैं।"