5 Dariya News

बिहार : अवैध पटाखा कारखाने में विस्फोट में 5 मरे, जांच के आदेश

5 Dariya News

बिहारशरीफ/पटना 23-Mar-2018

बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में गुरुवार की रात को सोहरसराय थाना क्षेत्र में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई व अन्य 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में तीन बच्चे व एक महिला शामिल हैं। इधर, इस घटना के बाद सोहरसराय के थाना प्रभारी को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, खासगंज इलाके में एक घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार रात को अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई घर ध्वस्त हो गए। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा 18 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों में पटाखा कारखाने का मालिक मोहम्मद सरफराज भी शामिल है। नालंदा के जिलाधिकारी त्यागराजन एस. एम. ने शुक्रवार को बताया कि इस घटना के बाद पटाखा कारखाने के मालिक मोहम्मद सरफराज के खिलाफ सोहरसराय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।इधर, सोहरसराय के थाना प्रभारी शेर सिंह को कर्तव्यहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बिहारशरीफ के नगर आयुक्त को तीन दिनों के अंदर शहर में सभी अवैध पटाखा दुकानों व पटाखा निर्माण करने वालों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने घटना की जांच का आदेश देते हुए कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त एवं पुलिस उप महानिरीक्षक पूरे मामले की संयुक्त रूप से जांच करेंगे। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगांे पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्फोट के कारण आस पास के जो घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें सहायता दी जाएगी। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज का निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।