5 Dariya News

18 मार्च को ढोल बजाकर बहरी कांग्रेस सरकार को जगाएंगे : कमल शर्मा

5 Dariya News

पटियाला 13-Mar-2018

पंजाब में कांग्रेस सरकार के एक साल पूरा होने का समय हो गया है लेकिन कांग्रेस की तरफ से राज्य के विकास के लिए कोई भी पुख्ता कदम नहीं उठाए गए हैं, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह राज्य के प्रत्येक वर्ग के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उक्त बयान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य व पंजाब के पूर्व प्रधान कमल शर्मा की तरफ से पटियाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिया गया। पत्रकारों से बातचीत में कमल शर्मा ने बताया कि कांग्रेस सरकार बहरों की सरकार बन चुकी है जिन्हें जगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से 18 मार्च को जालंधर में 'बजाओ ढोल, खोलो पोल' के तहत विशाल रैली की जा रही है। रैली में भाजपा की पंजाब इकाई समेत राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विशेष तौर पर भाग लेकर कांगे्रस सरकार को राज्य के विकास के लिए कार्य करने के लिए जगाने का कार्य करेंगे। शर्मा ने कहा कि कैप्टन सरकार की तरफ से राज्य में से वी.आई.पी. कल्चर समाप्त करने की बात कही जा रही है लेकिन पंजाब में से वी.आई.पी. कल्चर समाप्त होने की बजाय बढ़ता जा रहा है। अवैध खनन के मुद्दे पर कैप्टन पर बरसते हुए कमल शर्मा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को हवाई दौरे के माध्यम से ही राज्य में इस अवैध कारोबार के बारे में जानकारी हासिल करनी है तो उनकी तरफ से राज्य प्रशासन व पुलिस प्रशासन को छोड़ पायलट ही तैयार कर लेने चाहिएं जोकि राज्य में चल रहे इस अवैध कारोबार संबंधी उन्हें जागरूक करते रहें। 

कमल शर्मा ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बारे में कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट मंत्री, विधायकों व आम लोगों से दूरी बनाए रखता हो वह राज्य का विकास किस प्रकार से कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांगे्रस सरकार की तरफ से किसानों के साथ किए लोन माफी का वादा पूरा न होने के कारण बैंक किसानों को लोन देने से मना कर रहा है। इन सबके विरोध में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से 18 मार्च को जालंधर में विशाल रैली करके ढोल बजा कर पंजाब में कैप्टन सरकार को जगाने की कोशिशें की जाएंगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, भाजपा के जिला प्रधान एस.के. देव, भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान वरुण जिंदल, राम कुमार गोयल, अरुण गुप्ता, रामेश वर्मा, वरिंदर खन्ना, अवतरा सिंह हैप्पी, रमन शर्मा, नीरज, संजीव धीमान, शंटी गिल, पवन भूमक, सुशील, मनप्रीत चड्डा, प्रदीप गोयल, भारत भूषण नागपाल, मदन शर्मा, राम कृष्ण, भूपिंदर सिंह मुन्ना, तरनजीत टपू उपस्थित रहे।