5 Dariya News

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने किया सुजानपुर ‘होली’ उत्सव का शुभारम्भ

5 Dariya News

सुजानपुर 27-Feb-2018

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज रंगों के त्योहार राष्ट्रीय स्तरीय सुजानपुर होली उत्सव का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने प्रसिद्ध मुरली मनोहर मन्दिर में माथा टेका और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ‘शोभा यात्रा’ का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक सुजानपुर होली उत्सव की शुरूआत सुजानपुर के तत्कालीन राजा संसार चन्द ने की थी। उन्होंने जनता के साथ रंगों के इस त्यौहार को मनाने की परम्परा स्थापित की थी। उन्होंने कहा कि मेले एवं उत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक हैं, जिसके लिए हिमाचल प्रदेश अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है। उन्होंने जिले की संस्कृति एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित करने व लोकप्रिय बनाने के लिए वैबसाईट  www.hamirpurpride.com का शुभारम्भ किया। इस वैबसाईट के माध्यम से विभिन्न मेलों तथा उत्सवों की महत्ता तथा हमीरपुर जिले के ऐतिहासिक स्थलों, जिनमें किले व महल शामिल हैं, की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। 

उपायुक्त हमीरपुर राकेश प्रजापति ने कहा कि वैबसाईट पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने सुजानपुर होली उत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने उत्सव के वर्तमान दर्जे के बारे भी जानकारी हासिल की, क्योंकि पूर्व में इस उत्सव को अन्तरराष्ट्रीय उत्सव का दर्जा प्रदान करने की मांग की गई थी।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर परम्परागत लोक संगीत पर नृत्य में भाग लिया तथा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा अन्य उपस्थित गणमान्यों को गुलाल लगाकर उत्सव को मनाने की परंपरा का निर्वहन किया।सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेन्द्र ठाकुर तथा रवि धीमान, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा तथा विजय अग्निहोत्री, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव श्रीमति उर्मिल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।इससे पूर्व, विधायक राजेन्द्र राणा ने सुजानपुर लोक निर्माण विश्राम गृह में मुख्यमंत्री का स्वागत किया।