5 Dariya News

दुनिया के लिए खेल उपकरण विनिर्माण केंद्र बने भारत : राज्यवर्धन सिंह राठौड़

5 Dariya News

नई दिल्ली 26-Feb-2018

केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि वह भारत को दुनिया के लिए एक खेल उपकरण विनिर्माण केंद्र बनते देखना चाहते हैं। राजधानी दिल्ली में आयोजित एक समारोह में विभिन्न संघों, लीगों और कंपनियों से आए हुए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए राठौड़ ने यह बात कही। राठौड़ ने इस बात पर भी जोर दिया कि खेल की ओर देश की और संघों की मानसिकता बदलने की जरूरत है।संवाददाताओं को दिए बयान में राठौड़ ने कहा, "खेल की तरह और कोई भी चीज क्षेत्रों में बाधाओं को पार नहीं कर सकती। हम भारत को खेल की दुनिया का एक शक्तिशाली देश बनाना चाहते हैं और इसके लिए हमें निजी क्षेत्रों समर्थन की जरूरत है।"राठौड़ ने कहा, "वर्तमान में हम दो कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। पहला ओलम्पिक पोडियम के तहत खेल में उत्कृष्टता को लाना और दूसरा खेलों इंडिया के जरिए खेल की व्यापक आधारशिला रखना।"खेल मंत्री ने कहा कि 2018 भारत में खेल के लिए सबसे बेहतरीन होने वाला है। उन्होंने कहा, "हम खेलों की ओर लोगों की मानसिकता बदलने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए खेल के आसपास का वातावरण फिर से उत्पन्न करने की जरूरत है। इसमें शिक्षा, कौशल, प्रशिक्षण, प्रसारण, कार्यक्रम आदि शामिल हैं।"