5 Dariya News

भाजपा लोगों की रसोई पर नजर रखती है : गुलाम नबी आजाद

5 Dariya News

गुवाहाटी 25-Feb-2018

वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए यहां रविवार को कहा कि यह पार्टी लोगों के रसोईघर में जाकर देखती है कि वे कौन सा गोश्त पका रहे हैं। मेघालय से वापसी पर यहां एक प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, "वे लोगों के रसोईघर या छात्रावास में जाकर देखते हैं, लोग कौन सा गोश्त खा रहे हैं या फ्रीज में रखा हुआ है। भारत में सत्ताधारी पार्टी की यह जिम्मेदारी नहीं रही है।"इस महीने 27 फरवरी को मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा।आजाद ने कहा, "हमारे देश में विविधता है। भारत में कभी लोगों के खानपान या मंदिर, मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारा जाने में सरकार की ओर से कोई ऐसा हस्तक्षेप नहीं रहा है। लेकिन भाजपा नई परंपरा शुरू कर चुकी है। दूसरे राज्यों में चर्च पर हमले किए जाते हैं, पादरियों और ईसाइयों की पिटाई की जाती है, लेकिन मेघालय में ईसाइयों के वोट पाने के लिए भाजपा कहती है, आप लोग बीफ खा सकते हैं। आपके चर्च के लिए पैसे की कोई कमी नहीं रहने देंगे। ये लोग दो-दो चेहरा रखते हैं।"उन्होंने भाजपा पर मणिपुर में संवैधानिक शक्तियों का दुरुपयोग कर सरकार बनाने का आरोप भी लगाया।