5 Dariya News

थोनाक्कल गोपी, मोनिका अठारे ने जीती आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस दिल्ली मैराथन

5 Dariya News

नई दिल्ली 25-Feb-2018

भारतीय एथलीट मोनिका अठारे और थोनाक्कल गोपी ने रविवार को महिला और पुरुष वर्ग में आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस की 42 किलोमीटर की फुल मैराथन में पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा, खेता राम और वर्षा देवी ने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में पहला स्थान हासिल किया है। रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले गोपी ने पुरुष वर्ग में दो घंटे 15 मिनट और 16 सेकेंड का समय लेते हुए अपनी फुल मैराथन पूरी की और पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा, रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले एक अन्य एथलीट नीतेंद्र सिंह रावत ने दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने दो घंटे 24 मिनट और 55 सेकेंड में मैराथन पूरी की। बहादुर एस. धौनी ने दो घंटे 24 मिनट और 56 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में मोनिका ने दो घंटे 43 मिनट और 46 सेकेंड में मैराथन पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। ज्योति गवते ने दो घंटे 50 मिनट और 12 सेकेंड का समय लेकर दूसरा और मोनिका राउत ने दो घंटे 55 मिनट तथा दो सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में एक घंटे नौ मिनट और 40 सेकेंड का समय लेकर खेता राम ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। उनके एक सेकेंड पीछे रह गए तीर्था पुन को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने एक घंटे, नौ मिनट और 41 सेकेंड का समय लिया। तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले दीपक सिंह ने एक घंटे 13 मिनट और सात सेकेंड का समय लिया। महिला वर्ग में वर्षा ने एक घंटे 20 मिनट और 30 सेकेंड में हाफ मैराथन पूरी कर स्वर्ण जीता। इसमें दूसरा स्थान हासिल करने वाली किरन सहदेव ने एक घंटे 21 मिनट और 35 सेकेंड का समय लिया। अर्पिता सैनी ने एक घंटे और 31 मिनट में हाफ मैराथन पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।