5 Dariya News

जुब्बड़ हट्टी के समीप विकासित किया जाएगा औद्योगिक क्षेत्र:मुकेश अग्निहोत्री

5 दरिया न्यूज

शिमला 30-Dec-2013

प्रदेश सरकार शिमला जिले में जुब्बड़-हट्टी के समीप तारगणी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर विचार कर रही है, जिसके लिए राज्य औद्योगिक विकास निगम ने लगभग 400 बीघा भूमि चिन्हित की है। उद्योग मंत्री अग्निहोत्री ने आज यहां राज्य औद्योगिक विकास निगम के निदेशक मण्डल की 242वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हर प्रकार से जुड़ी लगभग 400 बीघा भूमि चिन्हित की गई है तथा प्रदेश सरकार सूचना प्रौद्योगिकी केन्द्र को विकसित करने की संभावनाओं का पता लगाएगी तथा क्षेत्र में पर्यावरण मित्र उद्योगों को स्थापित करने के लिए बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास निगम ने इस वित्त वर्ष के दौरान 244.52 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। उन्होंने कहा कि सोलन जिले में बद्दी के निकट दाबनी में औद्योगिक एस्टेट को विकसित करने के लिए सही दिशा की ओर बढ़ रही है। उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य औद्योगिक विकास निगम ने 222 इकाइयों को 159.02 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए हैं, जिनमें से 158.69 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं।राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री अतुल शर्मा ने इस अवसर पर उद्योग मंत्री का स्वागत किया।उद्योग विभाग के निदेशक श्री राजेन्द्र सिंह, राज्य वित्त निगम के प्रबंध निदेशक श्री अजय भण्डारी, विशेष सचिव वित्त श्री राजेश शर्मा, निदेशक मण्डल के निदेशक श्री प्रमोद शर्मा तथा निदेशक मण्डल के अन्य सदस्य भी बैठक में उपस्थित थे।राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के निदेशक मण्डल की बैठक आयोजित

उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के निदेशक मण्डल की 162वीं बैठक आयोजित की गई।श्री अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम ने इस वित्त वर्ष के दौरान आज दिन तक 1648.97 लाख रुपये की संचयी बिक्री दर्ज की है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष में इस अवधि के दौरान 1458.94 लाख रुपये दर्ज बिक्री के मुकाबले निगम ने इस वित्त के दौरान 190.03 लाख रुपये की बिक्री में वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा प्रदेश भर में विभिन्न शिल्पों में लगभग 40 प्रशिक्षण केन्द्र चलाए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही 29 और केन्द्र आरम्भ करने की योजना है। उद्योग मंत्री ने कहा कि केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय के विकास आयुक्त, हस्तशिल्प ने पांच प्रदर्शनियां प्रायोजित कीं, जिन्हें आगरा, वाराणसी, लखनऊ, जयपुर, हिसार तथा उदयपुर में आयोजित किया गया। इसी प्रकार हाल ही में ऊना में भी गांधी शिल्प बाजार आयोजित किया गया। 

अग्निहोत्री ने कहा कि भारत सरकार ने बिलासपुर जिला के घुमारवीं के लिए एक सिल्क वेवर्स क्लस्टर परियोजना स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की कुल लागत 52.45 लाख रुपये है तथा इस परियोजना से 238 से अधिक बुनकर परिवार लाभान्वित होंगे।राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री ए.सी. शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।इस अवसर पर निदेशक मण्डल के सदस्य ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।उद्योग विभाग के निदेशक श्री राजेन्द्र सिंह, विशेष सचिव वित्त श्री राजेश शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम के निदेशक मण्डल की बैठक आयोजित

उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम ने विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी कार्यान्वयन से इस वित्त वर्ष के दौरान सितम्बर माह तक 368.87 लाख रुपये का कुल लाभ अर्जित किया है। श्री अग्निहोत्री आज यहां निगम के निदेशक मण्डल की 190वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। अग्निहोत्री ने कहा कि निगम ऊना जिला के महतपुर तथा सोलन जिला के परवाणु स्थित अपनी देसी शराब बाटलिंग इकाइयों के लिए बोतलें तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उनके उत्पाद के बेहतर विपणन में सहायता मिलेगी बल्कि उत्पाद की छाप भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही कार्क बनाने की इकाई स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि और अधिक लाभ अर्जित करने के लिए निगम अपनी गतिविधियों में विविधिकरण करेगा।बैठक में महतपुर तथा परवाणु स्थित देसी शराब इकाइयों में सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार गृह रक्षक कर्मियों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया। हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री बी.आर. वर्मा ने कार्यवाही का संचालन किया।कार्यकारी मुख्य सचिव श्री पी. मित्रा, उद्योग विभाग के निदेशक श्री राजेन्द्र सिंह, विशेष सचिव वित्त श्री राजेश शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।