5 Dariya News

छौंछ खण्ड के तटीयकरण पर 180 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे: वीरभद्र सिंह

5 दरिया न्यूज

कांगड़ा 29-Dec-2013

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के समग्र विकास के प्रति कृतसंकल्प है तथा सभी क्षेत्रों का समान एवं संतुलित विकास सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और गत एक वर्ष के दौरान जिले में विकास की दृष्टि से अनेक मील पत्थर स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री आज कांगड़ा जिले के गंगथ विधानसभा क्षेत्र के मंगवाल में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मंगवाल खण्ड पर कंदरौरी-पक्का टाला मार्ग पर 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने 180 करोड़ रुपये की लागत से डाह- कुल्हाड़ा में निर्मित होने वाली छौंछ खण्ड तटीयकरण परियोजना का शिलान्यास भी किया।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा स्वच्छ परम्पराओं की राजनीति की है तथा सुशासन पर विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों के प्रति उन्होंने कभी भी बदल की भावना से कार्य नहीं किया, जबकि श्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने उनके विरूद्ध लगातार झूठे मामले बनाए। परन्तु वह हमेशा पाक-साफ होकर निकले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार किसी भी खेल संगठन के खिलाफ नहीं है, परन्तु सरकार का यह दायित्व बनता है कि वह उसकी कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित बनाए। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने नियमों को ताक पर रखकर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) को कीमती जमीन मात्र एक रुपये के पट्टे पर दी। बाद में, सरकार को सूचना एवं स्वीकृति के बिना एसोसिएशन को कंपनी में बदल दिया गया। यहां तक की खिलाड़ियों के लिए बने छात्रावास को पांच सीतारा होटल में बदल दिया गया और एचपीसीए ने इस संपत्ति पर व्यवसायिक गतिविधियां भी आरम्भ कर दी, जो पट्टा भूमि पर मान्य नहीं थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व भाजपा सरकार के खिलाफ सौंपी गए आरोप पत्र पर कार्रवाई करना सरकार का नैतिक कर्त्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बेकसूर को तंग नहीं किया जाएगा जबकि दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विकास के मामले में देश के सभी बड़े राज्यों में आदर्श बनकर उभरा है, जिसका श्रेय कांग्रेस सरकारों को जाता है। प्रदेश के तीव्र विकास को सुनिश्चित बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अथक प्रयास किए और प्रदेश को भावनात्मक एकता के सूत्र में बांधे रखे है। जबकि भाजपा सरकार ने हमेशा ही क्षेत्रवाद तथा अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ उत्पीड़न की राजनीति पर विश्वास किया।मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के गंगथ में उप-तहसील आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के चार राजकीय उच्च पाठशालाओं को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की, जिनमें राजकीय उच्च पाठशाला, दागला, मंगवाल, घोरान तथा कन्दरौरी शामिल है। उन्होंने ग्राम पंचायत दागला में आर्युवैदिक डिस्पैंसरी खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कन्दरौड़ी सड़क को सुधारने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मंगवाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आरम्भ करने की संभावनाओं को तलाशने के भी निर्देश दिए।

सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में राज्य का चहुमुखी विकास सुनिश्चित बनाया है। उन्होंने छौंछ खड्ड तटीकरण परियोजना के शिलान्यास के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शिलान्यास से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्रीय जल संसाधन मंत्रालय को 03 अप्रैल, 2013 को कांगड़ा जिला के इन्दौरा तहसील की छौंछ खड्ड के तटीकरण की 179.59 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जमा करवाई थी, जिससे 19 दिसम्बर, 2013 को केन्द्र द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।उन्होंने कहा कि धर्मशाला शहर के लिए 21 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शहर के लगभग 50 हजार लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में विभिन्न पेयजल व सिंचाई योजनाओं पर इस वित्त वर्ष के दौरान 148 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। 1075 बस्तियों को पेयजल तथा सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में 240 हैंडपम्प स्थापित किए जा रहे हैं।इसके पश्चात्, मुख्यमंत्री ने इंदौरा-रे मार्ग पर 2.90 करोड़ रुपये की लगात से निर्मित होने वाले सुरदवां खण्ड पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने बैन-इंदौरियां-मंड मियानी-परल मार्ग पर 9.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टांडा-पत्तन पुल का उद्घाटन भी किया।पूर्व विधायक श्री बोध राज, पूर्व मंत्री श्री विक्रम कटोच तथा लोक सभा के पूर्व सांसद श्री चन्द्र कुमार ने भी इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित किया।विधायक श्री मनोहर धीमान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को विधानसभा क्षेत्र के लोगों की विभिन्न मांगों बारे भी अवगत करवाया।

कृषि मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा, विधायक सर्वश्री अजय महाजन एवं श्री पवन काजल, राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, राज्य खादी बोर्ड के सदस्य सचिव एवं युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री मनमोहन कटोच, पंचायत समिति के अध्यक्ष श्री गगन सिंह कटोच, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशक श्री सुनील पाधा, उपायुक्त कांगड़ा श्री सी. पालरासू, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ श्री आर.के. शर्मा, इंजीनियर-इन-चीफ शाहनहर श्री एम.एस. कंवर, प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।