5 Dariya News

बजट में किसानों को छला गया : लालू प्रसाद यादव

5 Dariya News

पटना (बिहार) 01-Feb-2018

चर्चित चारा घोटाला मामलों में जेल की सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने गुरुवार को लोकसभा में पेश केंद्रीय बजट में किसानों के लिए कर्ज नहीं माफ किए जाने पर सरकार पर निशाना साधा है। अपने ट्विटर हैंडल से लालू ने ट्वीट कर कहा कि किसानों को छला जा रहा है। लालू ने कई ट्वीट के जरिए सरकार से एक के बाद एक प्रश्न पूछे हैं। उन्होंने लिखा, "किसानों को छला जा रहा है। जवाब दो! किसानों का कर्जा माफ क्यों नहीं किया? कृषकों की आय को 2022 तक दुगुना कैसे किया जाएगा? इसका खाका क्या है? सिर्फ हवाई बातों और जुबानी खर्च से आय दुगुनी हो जाएगी क्या? किसानों की आत्महत्या क्यों नहीं रुक रही?" पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "जनता ने बहुमत 2019 तक दिया था, ना कि 2022 तक। बड़ी चालाकी से अपनी विफलताओं और जवाबदेही को 2022 पर डाल रहे हैं। बड़ा छाती कूटकर 60 दिन मांग रहे थे, 60 दिन।" उल्लेखनीय है कि लालू इन दिनों रांची की एक जेल में बंद हैं। जेल जाने के पूर्व उन्होंने अपने समर्थकों और बिहार के लोगों से ट्विटर से संदेश भेजते रहने की बात कही थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि उनका ट्विटर उनके कार्यालय या परिवार के लोग संचालित करेंगे, जिससे उनका संदेश लोगों तक पहुंचता रहेगा। इसके पूर्व भी जेल में बंद रहने के बावजूद लालू ट्विटर के जरिए विरोधियों पर निशाना साधते रहे हैं।