5 Dariya News

मध्य प्रदेश : ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ 'आप' की साइकिल रैली

5 Dariya News

भोपाल 31-Jan-2018

मध्य प्रदेश में डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहा क्षेत्र में साइकिल रैली निकाली। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को पत्र लिखकर खिलौने वाली साइकिल भी सौंपी। प्रदर्शन के दौरान आप के भोपाल जिला संयोजक और लोकसभा प्रभारी अवधेश पुरोहित ने कहा, "शिवराज सिंह सरकार जनता को खिलौना समझ रही है, इसीलिए वह पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी जैसे फैसले ले रही है। जब प्रदेश में पेट्रोल के दाम 60 रुपये थे, तो मुख्यमंत्री ने साइकिल चलाई थी। अब दाम 80 रुपये हैं, तो ऐसे में सीएम को खिलौना साइकिल भेट कर हम अपनी भावनाएं प्रदर्शित कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि सरकार जनता की तकलीफों के प्रति गंभीर हो और उसे खिलौना न समझे, साथ ही जल्द पेट्रोल-डीजल के कर में कटौती की जाए।आप कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर हाथ ठेले पर साइकिल रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें व्यापमं चौराहे के करीब रोक लिया। इसके बाद पार्टी की ओर से अवधेश पुरोहित ने खिलौना साइकिल और सीएम के नाम पत्र प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।