5 Dariya News

चाहने वालों से परेशान बंसल ने पुलिस में की शिकायत

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ (आईएएनएस) 26-Dec-2013

पूर्व रेल मंत्री और चंडीगढ़ से सांसद आजकल अपने फेसबुक पेज पर 'चाहने वालों' की संख्या में बेहतहाशा वृद्धि से हैरान-परेशान हैं। उन्होंने पुलिस में इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई और चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बंसल ने बुधवार को चंडीगढ़ के पुलिस महानिरीक्षक आर. पी. उपाध्याय से अपने फेसबुक पेज पर चहेतों की बेहतहाशा वृद्धि के पीछे शरारत की आशंका जताते हुए शिकायत की थी। मंगलवार से बंसल के फेसबुक पेज पर महज 24 घंटों के भीतर पसंद करने वालों की संख्या में 10,900 की वृद्धि हुई। अपनी शिकायत में बंसल ने उल्लेख किया है कि उनके पेज पर 24 दिसंबर तक 51,600 पसंद करने वाले थे, लेकिन 25 दिसंबर को यह संख्या 62,500 हो गई। बंसल ने कहा, "आम तौर पर रोजाना 10 से 20 पसंद करने वाले बढ़ते हैं। बेतहाशा वृद्धि चिंता का विषय है। उपाध्याय ने इस मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक राजेश कालिया को सौंपी है। कालिया ने कहा कि हम इस मामले की जांच करेंगे। बंसल का फेसबुक पेज पूर्व में हैक हो चुका है। बंसल को मई में रिश्वत मामले में अपने भांजे विजय सिंगला का नाम सामने आने के बाद रेलवे मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बंसल के भांजे और रेलवे अधिकारियों के बीच रिश्वत मामले का खुलासा किया था। सीबीआई ने इस मामले में सिंगल और अन्य को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 90 लाख रुपये बरामद किया था।