5 Dariya News

उस्ताद अमजद अली खान के सरोद वादन ने सभी का मन मोहा

5 Dariya News

नई दिल्ली 14-Jan-2018

स्वामी हरिदास-तानसेन संगीत-नृत्य महोत्सव 2018 के आखिरी दिन रविवार को सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा जाने माने शास्त्रीय संगीत गायक पंडित उल्हास एन कशालकर की प्रस्तुति अद्भुत रही। भारतीय संगीत सदन और श्री राम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर से आयोजित दिल्ली के श्री शंकरलाल हॉल मॉडर्न स्कूल बाराखम्बा रोड नई दिल्ली में स्वामी हरिदास-तानसेन - संगीत-नृत्य महोत्सव 2018 का रविवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के पहले दिन की शुरुआत प्रसिद्ध नृत्यांगना पदम भूषण उमा शर्मा की कत्थक प्रस्तुति से हुई जिसमें उन्होंने अपने गुरु शम्भू महाराज (बिरजू महाराज के चाचाथे) लखनऊ घराना की प्रस्तुति दी और सभी को गुरु शिष्य परंपरा के बारे में बता दिया। उसके बाद शास्त्रीय संगीत गायिका कौशिकी चक्रबर्ती के विभिन्न रगों पर आधारित बंदिशों ने दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर किया। पहला दिन पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के बांसुरी वादन का भी साक्षी बना। कार्यक्रम के दूसरे दिन पंडित चुनीलाल मिश्रा का गायन व विश्वमोहन भट्ट का मोहन वीणा वादन मुख्य रहे। आजा सो बना.. राग पुरिया कल्याण पर हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के प्रसिद्ध गायक पंडित छन्नू लाल मिश्र ने पारंपरिक शास्त्रीय संगीत को जीवित रखने के उद्देश्य से अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीता। इसके बाद मध्य लय में बहुत दिन बीते के साथ बनारस की ठुमरी, कजरी और झूला जैसी कई मनमोहक प्रस्तुति पर अपने गायन से सभागार में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

सरोद वादक अयान अली बंगश ने राग देश पर अपनी प्रस्तुति दी। सरोद के तारों पर अयान की सधी हुई उंगलियों के बीच से निकलने वाली धुनों ने दिल्लीवालों के दिलों को छू लिया। दूसरे दिन की अंतिम प्रस्तुति पंडित विश्व मोहन भट्ट और मांगणियार ग्रुप की रही। विश्व मोहन भट्ट ने जहां मोहनवीणा वादन किया वहीं मांगणियार ग्रुप ने राजस्थानी फोक पर अपनी 'डेजर्ट स्लाइड' नामक अपनी प्रस्तुति से महोत्सव की शाम को रंगीन बना दिया। कई बार मोहनवीणा और खड़ताल की जुगलबंदी ने दर्शकों को अपना दिवाना बना दिया। कार्यक्रम के तीसरे दिन भारत की जानी मानी गायिका शुभा मुद्गल ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा उस्ताद इमदादखानी घराना के व जाने माने सितार वादक उस्ताद शुजात खान की प्रस्तुति भी अपने आप में अनूठी रही।