5 Dariya News

एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण हमारा लक्ष्य : मनप्रीत सिंह

5 Dariya News

बेंगलुरु 12-Jan-2018

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनकी टीम का लक्ष्य इस साल राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम फोर नेशन्स इन्विटेशनल टूर्नामेंट के लिए शुक्रवार के बेंगलुरु से न्यूजीलैंड रवाना हो गई। कप्तान मनप्रीत का मानना है कि पिछले साल दिसम्बर में हॉकी विश्व लीग में मिले कांस्य पदक से उन्हें नए साल की अच्छी शुरुआत के लिए प्रोत्साहन मिला है। इस साल कई बड़े टूर्नामेंट आयोजित होने हैं। इस साल के टूर्नामेंटों पर नजर डाली जाए, तो इसमें राष्ट्रमंडल खेल, चैम्पियंस ट्रॉफी, एशियाई खेल, एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी और ओडिशा हॉकी मेन्स वर्ल्ड कप शामिल हैं। मनप्रीत ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं है कि हम इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और एशियाई खेलों में अपने खिताब को बचाने उतरेंगे। हमारे लिए जरूरी है कि इन टूर्नामेंटों में प्रदर्शन से पहले हम अपनी कमजोरियों को मजबूती में बदलें।"भारतीय टीम फोर नेशन्स इन्विटेशनल टूर्नामेंट बेल्जियम, न्यूजीलैंड और जापान के खिलाफ मैच खेलेगी। इसका समापन 28 जनवरी को होगा। मनप्रीत ने कहा कि एचडब्ल्यूएल के बाद टीम ने उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया था, जहां वह कमजोर रही। उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि हम डिफेंस, मैन टु मैन मार्किं ग में बेहतर हैं और इस पर हमने राष्ट्रीय शिविर के दौरान बहुत काम किया है।"