5 Dariya News

सावन से पहले कांवड़िया पथ का विकास कार्य पूरा हो : सुशील कुमार मोदी

5 Dariya News

पटना (बिहार) 10-Jan-2018

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यहां बुधवार को कहा कि सुल्तानगंज-देवघर कांवड़िया सर्किट के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 52.37 करोड़ रुपये की राशि में से 10.47 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जा चुकी है। उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को सावन के पहले कांवड़िया पथ के विकास कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित एक लाख 65 हजार करोड़ के पैकेज के तहत बिहार के धार्मिक, सांस्कृतिक व पर्यटक स्थलों के विकास के लिए 500 करोड़ रुपये की लागत की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।मोदी ने पर्यटन विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं की पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यहां समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि कांवडिया सर्किट के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 52 करोड़ 37 लाख की राशि में से 10 करोड़ 47 लाख आवंटित की जा चुकी है। 

उन्होंने बताया कि बांका, भागलुपर और मुंगेर जिलान्तर्गत सुल्तानगंज-देवघर के बीच पक्की सड़क के सामानान्तर कांवड़ियों की सुविधा के लिए बनाई गई कच्ची सड़क के किनारे महत्वपूर्ण स्थलों थिहुतीजोर, लुल्हा शिवलोक, मोजमा, धानी बेलारी, कंकेश्वर स्थान, सूइया, अजगैबीनाथ, इनाराबरण में स्वीकृत राशि से विश्रामालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए मोदी ने मोजमा और धानी बेलारी में जमीन अधिग्रहण करने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शौचालय, पेयजल, कैफेटेरिया के साथ ही सूचना कियोस्क, पूरे रास्ते में कांवड़ियों के बैठने के लिए 3366 बेंच, 1037 कांवड़ स्टैंड का निर्माण और 180 सोलर लाइट लगाए जाएंगे। मोदी ने कहा कि गांधी परिपथ के लिए 44.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति के अतिरिक्त चम्पारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष में बापू परिपथ के लिए 97़ 86 करोड़ रुपये व रामायण तथा बौद्घ सर्किट के लिए राशि की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा जैन परिपथ के लिए 52 करोड़ 38 लाख और मंदार व अन्य परिपथ के लिए 53 करोड़ 49 लाख की स्वीकृति भारत सरकार ने दे दी है। बैठक में पर्यटन विकास निगम को विकास कार्यो में भी तेजी लाने व ज्यादा से ज्यादा राशि खर्च करने का निर्देश दिया गया।