5 Dariya News

ऋतिक हुए 44 के, सुजैन ने भेजा प्यार भरा संदेश

5 Dariya News

मुंबई 10-Jan-2018

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन बुधवार को 44 वर्ष के हो गए। उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान ने अपने संदेश में लिखा कि उन्होंने हमेशा उनके जीवन में खुशियां बिखेरी हैं, जबकि अक्षय कुमार, सोनम कपूर और रितेश देशमुख जैसे सितारों ने उन्हें जन्मदिन की विशेष शुभकामनाएं दीं। सुजैन ने अपने पूर्व पति को जन्मदिन की बधाई देते हुए संदेश लिखा, "आपने हमेशा मेरे जीवन में खुशियां बिखेरी है..आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपके चेहरे पर सबसे हंसी मुस्कान आए और आप सदा यूं ही अनंत चमक बिखेरते रहें।"ऋतिक और सुजैन लंबे समय तक चली प्रेम कहानी के बाद वर्ष 2000 में शादी के बंधन में बंधे थे। रिहान और रिधान नामक उनके दो बेटे भी हैं। दोनों वर्ष 2013 में अलग हो गए और नवंबर 2014 में दोनों का तलाक हो गया।राकेश रोशन के बेटे ऋतिक ने वर्ष 2000 की 'कहो ना प्यार है' के साथ करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'फिजा', 'कभी खुशी कभी गम', 'कोई मिल गया', 'कृष', 'कृष 3', 'जोधा अकबर', 'गुजारिश', 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'अग्निपथ' और 'बैंग बैंग' जैसी फिल्मों से अपने अभिनय की छाप छोड़ी। अभिनेता को पिछले साल फिल्म 'काबिल' में देखा गया था। इन दिनों वह गणितज्ञ आनंद कुमार पर बन रही फिल्म 'सुपर 30' की तैयारी में जुटे हैं।

वहीं फिल्म-जगत की हस्तियों ने उनके लिए ट्वीट किया :

अक्षय कुमार : भले ही आपको पहले से ही सब कुछ अच्छे होने का आर्शीवाद मिला है.. सर्वश्रेष्ठ परिवार, दोस्त, पड़ोसी। यह वर्ष आपको अधिक बेहतर दे। जन्मदिन की बधाई। 

सोनम कपूर : हैप्पी बर्थडे ऋतिक! विश्वास नहीं हो रहा कि 'धीरे धीरे' को दो वर्ष से अधिक हो गए। सचमुच समय बहुत जल्द बीतता है। इस विशेष दिन पर आपके लिए सभी खुशियों और प्यार की कामना करते हैं।

रितेश देशमुख : प्रिय ऋतिक रोशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आप महान हैं और आप जहां भी जाते हैं, हमेशा सकारात्मकता फैलाते हैं। बड़ा हग।

विवेक आनंद ओबेराय : पर्दे पर सुपर हीरो, वास्तविक जीवन में सुपर दोस्त.. भाई को प्यार! जन्मदिन की शुभकामनाएं!

शिल्पा शेट्टी कुंद्रा : ऋतिक को जन्मदिन की बधाई। आप दिव्यात्मा हैं। आपकी खुशी की कामना करते हैं।

जेनेलिया देशमुख : प्रिय ऋतिक को जन्मदिन की शुभकामनाएं। शानदार वर्ष रहे।

फराह खान अली : हैप्पी बर्थडे दुग्गु। ऋतिक। यह अद्भुत वर्ष स्वास्थ्य, खुशियों, समृद्धि और प्यार से भरा रहे।

विक्रम फड़नीस : हैप्पी बर्थडे ऋतिक। जानने वालों में अच्छे। हमेशा सुखी और अच्छा स्वास्थ्य रहे। आपको प्यार।