5 Dariya News

स्वच्छता पर भी जोर दें शिक्षण संस्थान: एसडीएम

गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुल्तानपुर में शुरू हुई दो दिवसीय कार्यशाला

5 दरिया न्यूज

कुल्लू 23-Dec-2013

गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुल्तानपुर में सोमवार को जिले भर के सीनियर सेकेंडरी व हाई स्कूलों के प्रधानाचार्यों व मुख्यध्यापकों की दो दिवसीय कार्यशाला आरंभ हुई। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित की जा रही इस कार्यशाला में स्कूल प्रमुखों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। कार्यशाला के पहले दिन भवन निर्माण, ऑडिट पैरा, सर्विस बुक्स और शिक्षा विभाग से संबंधित कई अन्य अहम मुद्दों के अलावा निर्मल भारत अभियान के बारे में भी व्यापक चर्चा की गई।इस अवसर पर एसडीएम डा. सुरेश जसवाल ने सभी स्कूल प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता पर भी विशेष जोर दें। उन्होंने कहा कि निर्मल भारत अभियान का मकसद महज शौचालय निर्माण ही नहीं है। अब केंद्र सरकार ने इस अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया है। इसमें ठोस व तरल कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के सभी पहलुओं को भी शामिल किया गया है। डा. जसवाल ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता के लिए पर्याप्त मूलभूत ढांचा विकसित होना चाहिए। शौचालयों के निर्माण के साथ ही उनका उचित रखरखाव भी स्कूल प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि शौचालय निर्माण और ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। निर्मल भारत अभियान के अलावा मनरेगा कनवरजेंस से भी शौचालय निर्माण किया जा सकता है। एसडीएम ने कहा कि निर्मल भारत अभियान को सफल बनाने में शिक्षण संस्थान भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। स्कूली बच्चों के माध्यम से पूरे समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सकता है। अतः सभी स्कूल प्रमुखों को इस दिशा में विशेष प्रयास करने चाहिए। इससे पहले उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने एसडीएम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अधिकारियों और सभी स्कूल प्रमुखों का स्वागत किया और दो दिवसीय कार्यशाला के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला स्वच्छता मिशन के समन्वयक इंद्र देव ने निर्मल भारत अभियान के विभिन्न प्रावधानों के बारे में बताया। इस अवसर पर बीडीओ भानु गुप्ता, डीआरडीए के सुरेंद्र कुमार और जिले भर के स्कूलों के प्रधानाचार्य व मुख्यध्यापक भी उपस्थित थे।