5 Dariya News

नीतीश कुमार से मिले हरसिमरत कौर बादल और सुखबीर सिंह बादल

5 Dariya News

पटना 25-Dec-2017

बिहार में 350वें प्रकाश पर्व के शुकराना समारोह में भाग लेने आए कई गणमान्य लोगों ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उन्हें इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल सुबह एक अणे मार्ग पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों को फूलों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर एवं पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री बादल 350 वें प्रकाश पर्व के शुकराना समारोह के अवसर पर पटना पहुंचे हैं। मुलाकात के क्रम में दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार को 350वें प्रकाश पर्व के शुकराना समारोह के भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट किया जबकि अतिथियों ने दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट किया गया।इस अवसर पर दिल्ली के रजौरी गार्डन के विधायक मनजिन्दर सिंह सिरसा, मंजीत सिंह, गोबिन्द सिंह, रूप सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस अवसर को अपना सौभाग्य मानते हैं। दशमेश पिता गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज का यह जन्मस्थान है। यह हर बिहारवासियों के लिए गौरव की बात है और हम सदैव इस बात की चर्चा करते रहते हैं।उन्होंने कहा, "जब 350 वें प्रकाश पर्व का आयोजन हुआ तो बहुत गौरवान्वित हुए कि हमें सेवा का अवसर मिला और इस बार उसी का शुकराना समारोह है, 351वां प्रकाश पर्व भी है। हम सब लोगों को बड़ी प्रसन्नता है।"उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देश भर से और देश के बाहर से सिख श्रद्घालु यहां आ रहे हैं हमलोगों को बहुत अच्छा लग रहा है। 

Nitish Kumar, Sukhbir Singh Badal, Harsimrat Kaur Badal