5 Dariya News

मणिपुर : हथगोला फेंके जाने के खिलाफ जनजातियों का प्रदर्शन

5 Dariya News

इंफाल 23-Dec-2017

मणिपुर के उखरुल जिले में जनजातियों ने शुक्रवार रात जिला मुख्यालय के मध्य एक हथगोला फेंके जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह हथगोला मंगल महतो की दुकान को निशाना बनाकर फेंका गया था। महतो स्थानीय निवासी नहीं हैं। हथगोला हालांकि फटा नहीं। पुलिस ने कहा कि महतो इस बारे में कोई उपयोगी जानकारी मुहैया नहीं करा पाया।प्रदर्शनकारी जनजातियों ने कहा कि हमले के पीछे के लोगों के भीतर ईसाई समुदाय के जनजातियों की धार्मिक भावना के प्रति जरा भी सम्मान नहीं है।एक आदिवासी महिला ने कहा, "क्रिसमस आने ही वाला है। यह समय त्योहार और प्रार्थना का है। जिन्होंने इस तरह की घटना को अंजाम देकर रक्तपात की कोशिश की है, उनकी पहचान कर उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।"पुलिस और असम राइफल्स के जवान मौके पर तत्काल पहुंच गए। असम राइफल्स के बम विशेषज्ञों ने सुरक्षित तरीके से बम को निष्क्रिय कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि एक मामला दर्ज कर लिया गया है। "यह एक शक्तिशाली विस्फोटक था और अगर यह फट जाता तो भारी रक्तपात हो सकता था।"किसी विद्रोही समूह ने फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कदम उठाने के आदेश दिए हैं।