5 Dariya News

भाजपा के विचारों में गंदगी व कूड़ा ज्यादा : अखिलेश यादव

5 Dariya News

लखनऊ 16-Dec-2017

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के अंदर कूड़ा ज्यादा है, लेकिन वहीं लोग झाड़ू पकड़े हुए हैं। उनसे कहीं सफाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भी कूड़ा ज्यादा था। भाजपाई गुजरात मॉडल का झूठा प्रचार करते हैं। उनके विचारों में गंदगी भरी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलश यादव शनिवार को पार्टी मुख्यालय के लोहिया सभागार में नवनिर्वाचित नगर निगम के पार्षदों, नगरपालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपकी जीत से पार्टी का सम्मान बढ़ा है। आप पार्टी की बुनियाद हैं और पार्टी आपका हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने पार्षदों को भाजपा से चेताते हुए कहा, "भाजपा के झूठ से सभी को सावधान रहना है। भाजपा अफवाहें फैलाती है, झूठ के सपने दिखाती है और मुद्दों के साथ खिलवाड़ करती है। लड़ाई बड़ी है और संघर्ष करना है। 2019 में लोकसभा का बड़ा चुनाव है, उसे भी लक्ष्य मान कर काम करना है।"पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "सपा प्रत्याशी ईवीएम की तुलना में बैलेट से ज्यादा जीतकर आए हैं। अयोध्या में राम जन्मभूमि वार्ड से पार्टी जीती हैं। भाजपा ने नगर निगम के महापौर के चुनावों का इस तरह शोर मचाया था जैसे चुनाव सिर्फ नगर निगमों में ही हुआ हो। पूरे राज्य में नगर पंचायत और नगरपालिका परिषद के चुनावों की भाजपा ने चर्चा तक नहीं की। सच्चाई तो यह है कि इन चुनावों में भाजपा बुरी तरह पराजित हुई है।"प्रदेश सरकार पर वार करते हुए अखिलेश ने कहा, "प्रदेश में नौ महीनों में भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया है अपराध थम नहीं रहे हैं। भाजपा स्मार्ट सिटी की बड़ी बातें करती है, लेकिन यह स्मार्ट सिटी क्या है और कहां है, इसका अता पता नहीं मिलता है।"