5 Dariya News

राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न

5 Dariya News

नई दिल्ली 16-Dec-2017

राहुल गांधी की बतौर कांग्रेस अध्यक्ष ताजपोशी को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल है। उनके समर्थन में नारे लगाए जा रहे है, पटाखे छोड़े जा रहे हैं, नाच-गाना हो रहा है। खुशी जाहिर करने के लिए मिठाइयां बांटी जा रही हैं। राहुल आज आधिकारिक तौर पर अपनी मां सोनिया गांधी से अध्यक्ष पद की बागडोर लेंगे, जिन्होंने (सोनिया) 19 सालों तक कांग्रेस की अध्यक्षता की। कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड के बाहर रंगबिरेगे परिधानों में सजे कलाकारों का एक समूह ड्रम बजा रहा है और पंजाबी भांगड़ा धुन पर नाच हो रहा है। हैदराबाद और राजस्थान के कलाकारों के समूह लोकनृत्य पेश कर रहे हैं। पद ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्रियों आदि गणमान्य लोगों के उपस्थित रहने की उम्मीद है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस देश के लिए एक नया संकल्प ले रही है। उन्होंने कहा "आज हम भारत में एक नए आंदोलन का संकल्प ले रहे हैं।"राहुल गांधी 2013 से कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं।