5 Dariya News

कोई अमेरिकी अधिकारी रूसी पनडुब्बी पर नहीं गया : सुनील लांबा

5 Dariya News

नई दिल्ली 01-Dec-2017

भारतीय नौसेना प्रमुख सुनील लांबा ने शुक्रवार को पुष्टि की कि रूस से पट्टे पर ली गई परमाणु पनडुब्बी आईएनएस चक्र के सोनार गुंबद में कुछ नुकसान हुआ है। लेकिन उन्होंने पनडुब्बी पर अमेरिकी अधिकारियों के जाने की कुछ मीडिया रिपटों को खारिज कर दिया। नौसेना दिवस से पहले वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में एडमिरल लांबा ने कहा कि पनडुब्बी के सोनार गुंबद को नुकसान पहुंचा है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच का आदेश दिया गया था, जिसने पूर्वी नौसेना मुख्यालय को अपनी रिपोर्ट दे दी है। नौसेना प्रमुख ने यह भी कहा कि भारत व रूस से एक संयुक्त दल ने नुकसान की जांच की है। उन्होंने कहा, "पनडुब्बी रूस से पट्टे पर ली गई है। इसके सोनार गुंबद को नुकसान पहुंचा है, जिसके दो पैनल अपने स्थान पर नहीं है।"पनडुब्बी के आसपास अमेरिकी अधिकारियों के होने की रिपोर्ट को खारिज करते हुए नौसेना प्रमुख ने कहा, "किसी भी अमेरिकी व्यक्ति को पनडुब्बी के आसपास नहीं देखा गया है।"आईएनएस चक्र को रूस से 10 सालों के लिए 90 करोड़ डॉलर के समझौते के तहत पट्टे पर लिया गया है।