5 Dariya News

भय व आतंक के सहारे निकाय चुनाव जीतने की कोशिश में भाजपा : अखिलेश यादव

5 Dariya News

लखनऊ 27-Nov-2017

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि निकाय चुनाव के पहले और दूसरे चरण के मतदान में जिस तरह का रुझान दिखाई दिया है, उससे स्पष्ट है कि प्रदेशवासियों में भाजपा के प्रति गहरा आक्रोश है और समाजवादी पार्टी के प्रति उनमें भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा भय व आतंक के सहारे निकाय चुनाव जीतने की कोशिश में है। अखिलेश ने सोमवार को अपने बयान में कहा, ‘‘लोकतंत्र में चुनाव निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से हों, यह पहली शर्त है। लेकिन, निकाय चुनावों को अपने मनमाफिक प्रभावित करने के लिए सत्तारूढ़ दल को सत्ता का दुरुपयोग करने में जरा भी संकोच नहीं है। बड़ी संख्या में मतदाताओं को मतदान से वंचित रखा गया है। पूरी राज्य सरकार महीनों से प्रचार में लगी है। जनहित के तमाम काम ठप हैं।’’उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी करनी में समानता और बेदाग छवि से जनता में मिल रहे समर्थन से भाजपा नेतृत्व सहमा है और वह भय व आतंक के सहारे जीतने की कोशिश में है।अखिलेश ने कहा, ‘‘प्रदेश के मतदाता इस तथ्य से भली भांति अवगत हैं कि भाजपा राज में जनहित का एक भी उल्लेखनीय काम नहीं हुआ है। आठ महीनों से राज्य की भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर दिन काट रही है। उसने जनकल्याण की कई योजनाएं ठप कर दी हैं। विकास कार्यों में रोड़ा अटकाया जा रहा है। जनता इनसे निकायों में बेहतरी की उम्मीद कैसे कर सकती है?’’पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सपा जाति धर्म की राजनीति नहीं करती है और नहीं समाज को बांटने का काम करती है। वह विकास और सबको सम्मान के साथ जीने का अवसर दिए जाने की पक्षधर है। भाजपा की तरह वह लोगों को भ्रमित नहीं करती है।’’