5 Dariya News

मानुषी छिल्लर को अपमानित करने की मंशा नहीं : शशि थरूर

5 Dariya News

नई दिल्ली 19-Nov-2017

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने विश्व सुदंरी-2017 का ताज पहनने वाली मानुषी छिल्लर को लेकर मजाकिया लहजे में की गई अपनी टिप्पणी पर सफाई दी है। थरूर ने रविवार को लोगों से शांत रहने का निवेदन किया। इस सौंदर्य प्रतियोगिता में किसी भारतीय प्रतिभागी की खिताबी जीत के लिए 16 साल इंतजार करने के बाद मानुषी छिल्लर ने शनिवार को चीन में आयोजित कार्यक्रम में विश्व सुंदरी का ताज हासिल किया। उनकी इस खिताबी जीत को संदर्भ बनाकर शशि थरूर ने एक ट्वीट में कहा था, "हमारी मुद्रा के विमुद्रीकरण से कितनी गतली हुई! यह भाजपा को समझना चाहिए कि भारत की नकदी दुनिया में श्रेष्ठ है, देखिए, हमारे चिल्लर तक को विश्व सुंदरी का खिताब मिल गया।"उनकी यह बात बहुत लोगों को अच्छी नहीं लगी। एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने लिखा-"श्रीमान थरूर शर्म कीजिए। 

आपने हरियाणवी उपनाम छिल्लर का अपमान किया है और इसे मजाक के साथ जोड़ा है।"दूसरे ट्विटर उपयोगकर्ता ने लिखा-"यह बिल्कुल मजाक की बात नहीं है। किसी के उपनाम का मजाक बनाने की अपेक्षा हम आपसे नहीं करते हैं..निराशाजनक।"इसपर थरूर ने ट्विटर और फेसबुक के माध्यम से लोगों से शांत होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि श्लेषालंकार हास्यविनोद का सबसे सरल रूप है और द्विभाषी श्लेष उससे भी ज्यादा सरल होता है। थरूर ने कहा, "आज एक मजाकिया ट्वीट से जिन लोगों को ठेस पहुंची है, उनसे क्षमायाचना। बेशक इसमें प्रतिभावान युवती को अपमानित करने की मंशा नहीं थी। मैंने उसकी तारीफ अलग से की है। कृपया शांत हो जाइए।"