5 Dariya News

पूर्वोत्तर में बांस की 50 श्रेणियां : जितेन्द्र सिंह

5 Dariya News

नई दिल्ली 04-Nov-2017

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के पास बांस की 50 श्रेणियां, केले की 14 किस्में और चकोतरा फल की 14 किस्में हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में अनानास और संतरे की पैदावार बहुतायत से है। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को निर्यात में यदि सहयोग नहीं मिलता है तो ये उत्पाद व्यर्थ हो जाते हैं। सिंह ने वर्ल्ड फूड इंडिया में 'पूर्वोत्तर भारत : जैविक उत्पादन केन्द्र; सुअवसरों की खोज' पर आयोजित सम्मेलन में कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़कों के विकास, विशेषतया 'अनाथ सड़कें', जिन्हें राज्य सरकारों द्वारा नकारा गया है, उन पर पहली बार क्षेत्र आधारित पूर्वोत्तर सड़क क्षेत्र विकास योजनाओं की शुरुआत की गई है। मंत्री ने कहा, "असम, त्रिपुरा और मिजोरम राज्यों के पूर्वोत्तर क्षेत्र में तीन मेगा फूड पार्क हैं। सिक्किम राज्य को भारत का प्रथम जैविक राज्य घोषित किया गया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र की सभ्यता और उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेषतया दिल्ली में नार्थ ईस्ट कालिंग फेस्टीवल और दिल्ली तथा चंडीगढ़ में आयोजित डेस्टीनेशन नार्थ ईस्ट फेस्टीवल जैसे विभिन्न कार्यक्रमों को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया है।"जैविक कृषि पर मंत्री ने कहा कि यह कृषि अब नई तकनीकों जैसे मिट्टी की जांच व अन्य संबंधित स्वरूपों के कारण एक उद्यम बन गया है।उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार के 'स्टैंड अप इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया' कार्यक्रमों में कर अवकाश और निकास अवधि के प्रावधान के अतिरिक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय ने विशेषतया युवा उद्यमियों को वृहत वित्तीय राहत प्रदान करने के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्टार्ट अप करने के इच्छुक युवाओं के लिए 'उद्यम निधि' की शुरुआत की है। 'उद्यम निधि' युवाओं में पहले से ही लोकप्रिय है और इसके 65 अनुबंध आ चुके हैं।सिंह ने कहा कि रोजगार उत्पन्न करने के लिए हमें नए क्षेत्रों की खोज करनी होगी और इसके लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र भविष्य में पहली पसंद होगा।