5 Dariya News

बिहार में 5 डकैत गिरफ्तार, केन बम और कई हथियार बरामद

5 Dariya News

बिहारशरीफ 04-Nov-2017

बिहार के नालंदा जिले के गजराज बिगहा गांव से पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई कर शनिवार को पांच डकैतों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से कई शक्तिशाली केन बम और हथियार बरामद किए गए हैं। नालंदा के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नालंदा थाना पुलिस एवं एसटीएफ ने पांच डकैतों को अवैध हथियार एवं केन बम के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से छह केन बम, तीन पिस्तौल और 12 गोली बरामद किए गए हैं। ये सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे। पोरिका ने बताया, "गिरफ्तार अपराधियों में गिरोह का सरगना उदय मल्लाह भी शामिल है, जो गया जिले के चंदौती थाना के कटारी गांव का रहने वाला है। इस पर पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी दर्ज है। इसके अलावा गिरफ्तार लोगों की पहचान कटारी गांव निवासी मोहम्मद शहंशाह छोटू और टुटू तथा नालंदा जिला के सवरेदय नगर निवासी राजीव रंजन के रूप में की गई है।" पुलिस अधीक्षक ने इन सबों का संपर्क नक्सली संगठन से होने की भी आशंका व्यक्त की है।