5 Dariya News

सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिमा को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

5 Dariya News

लखनऊ 31-Oct-2017

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर लोहा एकत्र किया था, लेकिन अब उसका कहीं अता-पता नहीं है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर मंगलवार को सरदार पटेल की जयंती पर विशेष कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने यह बात कही। अखिलेश ने कहा, "वह आयोजकों को धन्यवाद देना चाहते हैं। जब कभी भी वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई जाती है, यह मैदान भर जाता है। सरदार पटेल ने देश को एक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लाखों किसानों का भरोसा सरदार पटेल पर था।"भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने लोहा इकट्ठा किया था, लेकिन उसका पता नहीं चला।अखिलेश ने कहा, "हम भरोसा दिलाते हैं कि सरदार पटेल के नाम पर बड़ा काम करेंगे। भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। उस पर भरोसा कैसे कर लेते हैं। गरीब, किसान, युवा परेशान है। नौकरियां भी जा रही हैं। गन्ना किसानों के साथ भी धोखा हुआ।"