5 Dariya News

हरिजन सेवक संघ जैसे संस्थान जनसेवा कर रहे हैं और उन्हें सहायता की जरूरत है : एम.वेंकैया नायडू

ठक्कर बापा विद्यालय को पुनः समर्पित किया

5 Dariya News

चेन्नई, 17-Oct-2017

उपराष्ट्रपति, एम.वेंकैया नायडू ने कहा है कि हरिजन सेवक संघ जैसे संस्थान जन-सेवा कर रहे हैं इसलिए इन्हें समाजसेवियों, कार्पोरेट और संसाधनों वाले व्यक्तियों से मदद मिलनी चाहिए। वे आज चेन्नई, तमिलनाडु में ठक्कर बापा विद्यालय के पुनः समर्पण, ठक्कर बापा की पुनर्निर्मित मूर्ति के अनावरण और दीदी निर्मला देशपांडे निलयम के स्तंभ की आधारशिला की फाउंडेशन की पट्टिका के अनावरण के लिए आयोजित समारोह में संबोधित कर रहे थे। तमिलनाडु के राज्यपाल श्री बनवारीलाल पुरोहित और तमिलनाडु के मत्स्य पालन, कार्मिक और प्रशासनिक सुधार मंत्री श्री डी.जयकुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।उपराष्ट्रपति ने कहा कि दीदी निर्मला देशपांडे ने अपनी अंतिम सांस तक इस संगठन का नेतृत्व किया और वे समर्पित गांधीवादी थी। उन्होंने न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में हजारों लोगों के लिए एक उदाहरण स्थापित किया। उन्होंने भू-दान आंदोलन में भाग लिया और महात्मा गांधी जी के ग्राम स्वराज के संदेश को लोकप्रिय बनाने के लिए पूरे देश में 40,000 किलोमीटर लंबी पद यात्रा की।

 वह शांति की सच्ची दूत थी और उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव के लिए भी संघर्ष किया था। उप राष्ट्रपति ने श्री गीता भवन न्यास की पट्टिका के अनावरण पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए और इस सेवा को जारी रखते हुए लोगों की सहायता करने में योगदान करने के लिए बधाई दी।उपराष्ट्रपति ने कहा कि हरिजन सेवक संघ और इसकी इकाइयां प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर भाग ले रही हैं। उन्होंने इस महान उद्देश्य में बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लेने के लिए भी विजेताओं को बधाई दी।