5 Dariya News

सेना का सद्भावना मिशन लोगों को दिल जीतने की महत्वपूर्ण पहल-वीरभद्र सिंह

5 Dariya News

शिमला 13-Oct-2017

जम्मू कश्मीर के पुंछ गांव के दूर-दराज सीमावर्ती गांव के किसानों में जागरूकता लाने और उनमें कृषि व बागवानी में वैज्ञानिक तकनीक अपनाने के लिए कार्य कर रहे 22 किसानों व भारतीय सेना के राजपूताना रेजिमेंट के नौ अधिकारियों ने आज यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भेंट की।सेना द्वारा सदभावना परियोजना के अन्तर्गत किसानों को कृषि व बागवानी की नीवनतम तकनीकों के बारे में जानकारी देने के लिए यह क्षमता निर्माण यात्रा आयोजित की गई है। किसानों को कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, बागवानी विश्वविद्यालय नौणी, कृषि अनुसंधान केन्द्र शिमला भी ले जाया गया।सेना के उत्तरी कमाण्ड ने वर्ष 1998 में लोगों के सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए सहायता देने के उद्देश्य से ‘ऑप्रेशन सदभावना’ आरम्भ किया था।

सेना के एक अधिकारी ने कहा कि इस प्रवास के लिए ऐसे किसानों को चयनित किया गया है जो गरीब व कमजोर वर्ग की पृष्ठभूमि से सम्बन्ध रखते हैं और भारत पाक सीमा के साथ लगते पुंछ क्षेत्र से सम्बन्धित हैं।उन्होंने कहा कि सद्भावना अभियान के माध्यम से सेना के अधिकारी व सिपाही स्थानीय लोगों से मेल-जोल बढ़ाने के साथ-साथ उनके कल्याण के लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस पहल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है क्योंकि जम्मू कश्मीर की भौगोलिक स्थिति हिमाचल से मिलती-जुलती है।मुख्यमंत्री ने सेना के जवानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सदभावना मिशन सेना की सकारात्मक छवि बनाने में महत्वपूर्ण पहल है। यह एक लोगों के सामाजिक आर्थिक जीवन के पुनः निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक सोच है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक प्रवास न केवल नवीनतम कृषि बागवानी तकनीक सीखने का अवसर प्रदान करते हैं बल्कि सांस्कृतिक विविधता की जानकारी हासिल करने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि इससे समाज में विमुख वर्गों विशेषकर संघर्ष ग्रस्त क्षेत्रों में लोगों के दिल जीतने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेना की उपस्थिति व सहायता से स्थानीय लोगों के दिमाग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है जो आपसी सोहार्द बढ़ाने में सहायक बनते हैं।