5 Dariya News

वियतनाम बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 54 हुई

5 Dariya News

हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम) 13-Oct-2017

वियतनाम के कई प्रांतों में भारी बारिश के बाद बाढ़ और जमीन धंसने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है और 39 लोग लापता हैं। प्राकृतिक आपदा बचाव एवं नियंत्रण पर केंद्रीय संचालन समिति ने शुक्रवार को कहा कि थाई बिन्ह, होआ बिन्ह, नगे एन, तान्ह होआ, हा तिन्ह, सोन ला और येन बाई प्रांतों में बाढ़ की वजह से 31 लोग घायल हो गए हैं।बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित प्रांत होआ बिन्ह है, जहां जमीन धंसने से 18 घर जमींदोज हो गए, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लापता हो गए।प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी एवं बचाव कार्य चल रहा है। नदियों में जलस्तर बढ़ने से रोकने के लिए बांधों के गेट को खोले जाएंगे।सरकार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में बाढ़ के विनाशकारी प्रभावों से 17,000 लोगों को बचाया गया है। बाढ़ में 189 घर बह गए, 8,000 हेक्टेयर से अधिक कृषियोग्य जमीन नष्ट हो गई।मध्य एवं उत्तरी वियतनाम में हर साल कई तूफान आते हैं। अगस्त की शुरुआत में ही तूफान दोकसुरी से आठ लोगों की मौत हो गई थी।सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2016 में उष्णकटिबंधीय तूफान और बाढ़ से 264 लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही 1.75 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।