5 Dariya News

गांधी जी के विचारों से ही समाज में परिवर्तन संभव : नीतीश कुमार

5 Dariya News

पटना 11-Oct-2017

 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां बुधवार को कहा कि महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई परंतु उनके विचारों की हत्या नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों से ही समाज में परिवर्तन लाया जा सकता है। पटना में 'गांधी कथा वाचन और बापू आपके द्वार' कार्यक्रम का प्रारंभ करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की आजादी के लिए कई वीरों ने अपनी जान की बाजी लगा दी परंतु अहिंसा का सिद्घांत लेकर गांधी ही आजादी की लड़ाई में कूदे और फिर आजादी मिली। मुख्यमंत्री ने गांधी के बिहार आगमन की चर्चा करते हुए कहा कि ठीक एक सौ साल पहले गांधी जी बिहार आए और यहां के किसानों की लड़ाई लड़ी। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गांधी जी ने शराबबंदी, सत्याग्रह और सत्य अहिंसा का संदेश दिया था। गांधी का सिद्घांत आज भी प्रासंगिक है। नीतीश ने कहा कि जो व्यक्ति गांधी जी की आत्मकथा का वाचन करेगा, उसके जीवन में परिवर्तन जरूर आएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के हर सरकारी स्कूलों में गांधी जी पर कथा वाचन कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाल विवाह और दहेज प्रथा को भी हटाने के लिए सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि इससे समाज में कई तरह की परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने दहेज लेकर विवाह करने और बाल विवाह करने को अपराध बताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद 'चंपारण' एवं 'मिट्टी से नेता बनते हैं', नाम की कथा का वाचन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि बिहार के स्कूलों में बच्चों को अब प्रतिदिन महात्मा गांधी से जुड़ी कहानियां सुनाई जाएंगी। स्कूलों में प्रार्थना (असेंबली) के बाद बच्चे बापू की कहानियों को जोर-जोर से पढ़ेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा दो पुस्तकें छपवाई गई हैं। इसमें गांधी के जन्मस्थल से लेकर उनके जीवन परिचय की कुल 40 कहानियों का संग्रह तैयार किया गया है।