5 Dariya News

प्रो कबड्डी लीग : हरियाणा से हारी मुंबई

5 Dariya News

चेन्नई 04-Oct-2017

अपने बेहतरीन हरफनमौला खेल के दम पर हरियाणा स्टीलर्स ने बुधवार को प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीजन-5 में यू-मुम्बा को 11 अंकों के अंतर से मात दी। हरियाणा ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में मुम्बा को 41-30 से हराया। हरियाण ने न सिर्फ अपने रेडरों के बल्कि अपने शानदार डिफेंस के दम पर मुम्बा को जीतने से रोक दिया। पहले हाफ के शुरुआती कुछ मिनटों में मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन एक बार जैसे ही हरियाणा ने बढ़त ली मुम्बा की टीम दबाव में बिखर गई। पांचवें मिनट में स्कोर 3-3 से बराबर था। श्रीकांत जाधव की रेड को असफल करते हुए हरियाणा आगे निकल गई। उसने दसवें मिनट तक 8-6 की बढ़त ले ली थी।यहां मुम्बा ने वापसी की और हरियाणा के मुख्य खिलाड़ी वजीर सिंह को बाहर कर तीन अंक लेते हुए 10-8 की बढ़त ले ली, लेकिन हरियाणा ने दीपक कुमार दहिया और विकास खंडोला के दम पर एक बार फिर मुम्बा को पीछे छोड़ दिया और 14वें मिनट में 14-10 से आगे हो गई। पहले हाफ की समाप्ति तक उसने 22-16 की बढ़त ले ली थी। दूसरे हाफ में हरियाणा ने मुम्बा को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और उसे हमेशा से दबाव में रखा। मुम्बा काफी कोशिशों के बाद भी हरियाणा को पीछे नहीं कर पाई।