5 Dariya News

पथ परिवहन कर्मियों को 609 करोड़ के लाभ

5 Dariya News

शिमला 27-Sep-2017

परिवहन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जी.एस.बाली ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों व पैंशनरों को गत चार वर्षो के दौरान 609 करोड़ रुपये के  लाभ प्रदान किए गए है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 के लिए 83.78 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। वह आज शिमला में हिमाचल पथ परिवहन निगम निदेशक मण्डल की बैठक की  अध्यक्षता कर रहे थे।उन्होंने कहा कि बीते चार महिनां के दौरान निगम के राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और इसमें 40 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में  राजस्व में केवल 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पिछली कोई भी देनदारी देय नहीं है और 10.06 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी की जा रही है, जिसमें  4.50 करोड़ रुपये ओवर टाईम/टीए, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए 1.50 करोड़, अवकाश के बदले वेतन के लिए 1.25 करोड़ तथा ग्रेच्यूटि के लिए 2.81 करोड़ रुपये की राशि शामिल है। 

परिवहन मंत्री ने कहा कि 325 बसों की खरीद के लिए आपूर्ति आदेश गत 23 जून को जारी किए गए थे और इसमें से पहले लॉट में 12 बसें प्राप्त हो चुकी है जिन्हें विभिन्न मण्डलों में  आंबटित किया गया है। उन्होंने कहा कि निगम का बेड़ा 3000 बसों का आंकड़ा पार कर चुका है जो वर्ष 2012 में 1600 से भी कम था। 

उन्होंने कहा कि गत साढ़े चार वर्षों के दौरान निगम में 3323 व्यक्तियों की विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई जबकि 1440 कर्मचारियों को पदोन्नतियां प्रदान की गई। 3308 अनुबन्ध  कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की गई। 382 नियुक्तियां किथ एण्ड किन नीति के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि 574 चालकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिनमें से चयनित  325 चालक एक माह के प्रशिक्षण पर हैं। इसी प्रकार, टीएमपीए के 1300 पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया जारी है।श्री बाली ने कहा कि वर्ष 2013 से अभी तक निगम में 577 नए रूट जुड़े हैं।  राज्य के लोगों की मांग को पूरा करते हुए पहले चरण में एक रुपये प्रति किलो मीटर किराए पर 55 रूट शुरू किए गए हैं और भविष्य में लोगों को आर्थिक सेवा प्रदान करने के लिए इनमें  वृद्धि की जाएगी। राज्य में वर्तमान में 86 सुपर लग्जरी बसें चलाई जा रही हैं, जिनमें से 52 निगम की जबकि 34 बसें वैट-लीज के अन्तर्गत चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि छूटे क्षेत्रों में  यह सुविधा प्रदान करने के लिए 16 और लग्जरी बसें चलाई जाएंगी।मंत्री ने कहा कि निगम जल्द ही राज्य के दूरदराज, दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में 25 सीटों वाली मुद्रिका बसें चलाएगा। उन्होंने  कहा कि छः स्थानों पर बसों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ‘एचआरटीसी जल’ की शुरूआत भी की गई है।