राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मलाणा में की तीन अभियानों की शुरूआत
उज्ज्वला योजना के तहत वितरित किए गैस कुनैक्शन
5 Dariya News
कुल्लू 19-Sep-2017
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कुल्लू जिले के मलाणा पहुंचकर तीन महत्वपूर्ण अभियानों की शुरूआत की, जिनमें नशामुक्ति, स्वच्छता और शिक्षा शामिल है।दुनिया के प्राचीनतम लोकतंत्र कहे जाने वाले मलाणा तक पहुंचने वाले वह हिमाचल प्रदेश के पहले राज्यपाल हैं। राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती दर्शना देवी भी उनके साथ थीं। राज्यपाल मलाणा में इण्डियन ऑयल कारपोरेशन द्वारा आयोजित पैट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय, भारत सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत मलाणा के पात्र व्यक्तियों को गैस कुनैक्शन वितरण समारोह के अवसर पर यहां आए थे।इस मौके पर, उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहां के निवासी भले व अपनी उच्च परम्पराओं को मानने वाले हैं जिन्होंने अपनी समृद्ध संस्कृति को सहेज कर रखा है। उन्होंने ग्रामवासियों से आग्रह किया कि बदलते परिपेक्ष्य में उन्हें भी दुनिया के विकास के साथ जुड़ना चाहिए और राज्य के विकास में सहयोगी बनना चाहिए। इसके लिए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें बेटियों को पढ़ाने की दिशा में आगे आना चाहिए और जब हर बच्चा शिक्षित होता तो विकास का रास्ता स्वयं ही मिल जाएगांआचार्य देवव्रत ने इस बात पर चिंता जाहिर की कि मलाणा आज अंतरराष्ट्रय पहचान का गांव है लेकिन यहां स्वच्छता की काफी कमी है। उन्होंने लोगों को शपथ दिलाई कि यहां स्वच्छता में ही व्यक्ति की भागीदारी को सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर इस दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गांव में रोजगार के कम साधन होने के कारण यहां के लोगों समाज से न जुड़ना मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बहुमूल्य जड़ी बूटियों का अपार खजाना मौजूद है और इन्हें उगाने की संभावनाएं भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एक अभियान चलाकर औषधीय जड़ी-बूटियों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा और गांव में ही मार्किट स्थापित कर उनको बेचने का पूर्ण प्रबंध किया जाएगा ताकि आय का बेहतर विकल्प विकसित किया जा सके। उन्होंने इस दिशा में हर संभव सहयोग किया जाएगा। क्षेत्र में मृदा परीक्षण की विशेष व्यवस्था की जाएगा ताकि उत्पादन की संभावनाओं को तलाशा जा सके।राज्यपाल ने गांववासियों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया और झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने गांव के वृद्धजनों से बातचीत की जिसमें गांव के प्रधान श्री भागी राम ने अनुवादक के तौर पर महत्वपूर्ण कार्य किया। इसके पश्चात्, राज्यपाल ने ग्रामीणों के साथ स्थानीय धाम में भाग लिया।राज्यपाल ने करीब 20 पात्र व्यक्तियों को उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत गैस कुनैक्शन वितरित किए।इससे पूर्व, मलाणा गांव के प्रधान श्री भागी राम ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि कोई राज्यपाल उनकी संस्कृति व परम्पराओं का हिस्सा बनने मलाणा पहुंचा है और गांववासी काफी उत्साहित हैं।इंण्डियन ऑयल कारपोरेशन के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक श्री वी.के सुंदरियाल ने भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की विस्तृत जानकारी दी।राज्यपाल के सलाहकार डॉ. शशीकांत शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।