5 Dariya News

हमारी कोशिश है बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री से वंचित न रहें :योगी आदित्यानथ

5 Dariya News

लखनऊ/फैजाबाद 24-Aug-2017

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानथ गुरुवार को फैजाबाद के रुदौली में बाढ़ पीड़ितों का दर्द सुनने पहुंचे। योगी ने जनपद की तहसील रुदौली के पास्ता गांव में बाढ़ पीड़ितों के दर्द को साझा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। रुदौली में सभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि हम इस समय खुद उत्तर प्रदेश के बाढ़ पीड़ित क्षेत्र की स्थिति देखने निकले हैं।योगी ने कहा, "बाढ़ पीड़ितों का दर्द समझने निकला हूं। वास्तव में नदियों के किनारे बसे गांवों की स्थिति बहुत ही दयनीय है। इसके सुधार के लिए प्रयास जारी है।"उन्होंने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत कार्य से वंचित न हो। सभी लोगों को राहत सामग्री मिलनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ गोरखपुर-बस्ती मंडल के दो दिवसीय दौरे पर भी जाएंगे। वह शाम चार बजे तक गोरखपुर पहुंचेंगे। इसके पहले वह बस्ती में रुककर बाढ़ के हालात का जायजा लेंगे। गोरखपुर में वह कैंपियरगंज, चौरीचौरा, सहजनवा और बांसगांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के साथ ही राहत वितरण कार्यो की समीक्षा करेंगे।