चौधरी जुल्फकार अली ने समय पर उपभोक्ताओं के मध्य अनाज वितरण करने को कहा
कहा बुनियादी सुविधाओं को बढाना विभाग की प्रथम जिम्मेदारी है
5 Dariya News
जम्मू 17-Aug-2017
सूचना, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री चौधरी जुल्फकार अली ने आज जम्मू के विभिन्न जिलों में जरूरी सामग्री की आपूर्ति एवं भंडार स्थिति की समीक्षा हेतु एक बैठक की अध्यक्षता की।एफसीएसएंडसीए सचिव शफीक अहमद रैना, एफसीएसएंडसीए निदेशक आर ए इंकलाबी, एफसीएसएंडसीए निदेशक कश्मीर निसार अहमद वानी, सहायक निदेशक, तहसील आपूर्ति अधिकारी तथा विभाग के अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। मंत्री ने अधिकारियों को सभी क्षेत्रों में अनाज की शत प्रतिशत खरीद, अनाज उठाने तथा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ताकि उपभोक्ताओं के इसके लिए कोई असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को इस सम्बंध में सम्पूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाने को कहा। उन्होंने सहायक निदेशक, ट्रेड तथा स्टोर को अनाज के स्टोरों में अनाज का पर्याप्त भंडार रखने तथा सम्बंधित टीएसओ के साथ तालमेल से कार्य करने के लिए भी कहा ।मंत्री ने कहा कि लोगों को उनके दरवाजे तक राशन, मिट्टी का तेल, एलपीजी जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना विभाग की प्रथम जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिकारियों को विभाग की कार्यप्रणाली में जवाबदेही एवं पारदर्शिता लाने तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए कहा।उन्होंने अधिकारियों को उचित मूल्यों की दुकानों पर नियमित क्षेत्रीय दौरा कर वहां पर उपलब्ध पर्याप्त अनाज की जांच करने के लिए कहा।अनाज का सही वितरण सुनिश्चित करने हेतु सामुहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए मंत्री ने कहा कि एफसीआई, राज्य सड़क परिवहन निगम तथा एफसीएसएंडसीए को तालमेल के साथ काम करना चाहिए।