5 Dariya News

देश ने शांतिपूर्वक मनाया 71वां स्वतंत्रता दिवस

5 Dariya News

नई दिल्ली 15-Aug-2017

देश में मंगलवार को शांतिपूर्वक 71वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री ने लालकिले के प्राचीर से अपने संबोधन में कहा कि गोली व गाली से कश्मीर की समस्या का हल नहीं हो सकता। लाखों लोगों ने देशभर में आयोजित हुए छोटे बड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। कश्मीर घाटी में अलगाववादियों ने बंद का आह्वान किया था। इससे वहां जनजीवन प्रभावित रहा।स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री मोदी का लालकिले से चौथी बार दिया गया भाषण रहा। उन्होंने लालकिले के प्राचीर पर तिरंगा फहराया और 2022 तक आतंकवाद व भ्रष्टाचार मुक्त 'न्यू इंडिया' बनाने की शपथ लेने को कहा।मोदी ने कहा, देश की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। चाहे यह हमारे समुद्र हो या सीमा, साइबर दुनिया या अंतरिक्ष सभी तरह की सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने व शत्रु को भारत हराने में सक्षम है।उन्होंने कहा कि गोली और गाली से नहीं कश्मीर की समस्या प्यार से गले लगाने से हल होगी। उन्होंने लोगों को कश्मीरियों को गले लगाने और आतंकवादियों को मुख्यधारा में लाने का अनुरोध किया।भारत से बाहर विदेशों में रहे भारतीयों ने भी स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। भारतीय क्रिकेट टीम में कोलंबों में कार्यक्रम में शामिल हुई।मौसम के साफ रहने से हजारों की संख्या में मोदी को सुनने के लिए लोग लालकिले पर पहुंचे। इसी तरह के नजारे देशभर में प्रमुख जगहों पर देखने को मिले।हर तरफ लोगों के चेहरे पर तिरंगा बनाए, झंडे के डिजायन वाले टीशर्ट पहने व तिरंगे की तरह की टोपी लगाए देखा जा सकता था।तनाव के बावजूद सीमाओं पर भारत व पाकिस्तान के जवानों ने मिठाइयों का आदान-प्रदान किया और एक दूसरे को बधाई दी।

केंद्र सरकार के मार्गदर्शक आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में सरकारी सहायता प्राप्त एक स्कूल में तिरंगा फहराया। हालांकि, अधिकारियों ने कहा था कि राजनीतिक हस्तियों को स्कूलों में तिरंगा फहराने की इजाजत नहीं है, क्योंकि इससे विवाद पैदा हो सकता है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस पर कहा कि गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 60 से ज्यादा मासूम बच्चों की मौत आंख खोल देने वाली त्रासदी है और इसके लिए उन्होंने इन्सेफेलाइटिस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि स्वच्छता अभियान में इसका निदान निहित है। हालांकि देश और दुनिया को पता है कि ऑक्सीजन की सप्लाई रोक दिए जाने से लगभग 70 बच्चों की मौत हुई। जो कंपनी गैस की आपूर्ति कर रही थी, उसका पैसा बकाया था। त वेशधारी योगी 20 साल से गोरखपुर के सांसद हैं। इन्सेफेलाइटिस के कारण साल 1978 से अब तक लाखों बच्चों की मौत हो चुकी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से ठीक पहले लगभग 70 मांओं ने अपने लाल खो दिए। लेकिन सरकार इन मौतों का सच बताने तक को राजी नहीं है। इस बीच भाजपा प्रमुख अमित शाह का बयान आया कि ऐसी घटनाएं तो होती रहती हैं, इसमें नया क्या है?

उधर, पड़ोसी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में सुशासन का वादा किया और भ्रष्टाचार से समझौता न करने की बात कही। हालांकि भागलपुर में हुआ एक घोटाला चर्चा का विषय बना हुआ है।जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा ने श्रीनगर में झंडा फहराने के बाद युवाओं से बंदूक व पत्थरबाजी छोड़ने को कहा और राज्य के संवैधानिक विशेष दर्जे को बनाए रखने के लिए लड़ाई लड़ने की बात कही।गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने राज्य के दूरदराज वाले इलाकों में संगीत कार्यक्रमों के दौरान रेव पार्टियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्कूलों में उल्लासपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा, "भाजपा समर्थित मीडिया वाले गलत तथ्य पेश कर रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि ममता ने बंगाल के स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस न माने का निर्देश दिया है। इनकी बातों को सच न मानें।" उन्होंने केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में बाढ़ से तबाही मची है, लेकिन प्रधानमंत्री इसको नजरअंदाज कर रहे हैं। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक लोगों को संबोधित करते समय अचानक खुद को असहज महसूस किया। बाद में उन्होंने अपने सहयोगियों से कहा कि वह ठीक हैं।देश के हैदराबाद, शिमला, तिरुवनंतपुरम, देहरादून, चंडीगढ़, गुरुग्राम, गुरुदासपुर, आइजोल शहरों व दूसरे राज्यों की राजधानियों से भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के मनाए जाने की खबरें हैं।