5 Dariya News

बंगाल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

5 Dariya News

कोलकाता 15-Aug-2017

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को तिरंगा फहराया और रंग-विरंगे परेड का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में 71वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह इंदिरा गांधी सरणी (पूर्वी लाल रोड) में आयोजित किया गया, जिसमें ममता बनर्जी, कई मंत्रियों और राजनयिकों ने भाग लिया।बनर्जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राज्य व शहर की पुलिस द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।पुलिस और एनसीसी कैडेटों की अनेक शाखाओं ने परेड में भाग लिया।लोक नृत्य समूह ने अपनी रंगारंग प्रस्तुति से देश की विविधरंगी संस्कृति को दर्शाया।सूचना और संस्कृति मंत्रालय के साथ ही वन मंत्रालय सहित कई सरकारी विभागों ने अपनी उपलब्धियों और महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर रंग-विरंगी झांकी के माध्यम से प्रकाश डाला।राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरकार द्वारा शुरू की गईं विभिन्न योजनाओं को झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। 

उनमें से ममता बनर्जी द्वारा बंगाल में शुरू किए गए बाल विवाह पर आधारित कन्याश्री योजना प्रमुख रूप से शामिल रही। इसके बाद छह अक्टूबर से शुरू होने जा रहे अंडर-17 फीफा विश्व कप की झांकी भी प्रस्तुत की गई।राज्य के लगभग 52 उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों ने पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मानस भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में फुटबॉल कौशल का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान बनर्जी ने अपने उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान किए। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और संगीत की दुनिया के दिग्गजों ने भाग लिया।साल 2011 में तृणमूल के सत्ता में आने के बाद, ममता ने इंदिरा गांधी सरणी में स्वतंत्रता दिवस के परेड की रस्म शुरू की।स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम पूरे राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में मनाया गया।