5 Dariya News

बिहार : बाढ़ का पानी भी देशभक्ति के जज्बे को रोक नहीं सका

5 Dariya News

पटना 15-Aug-2017

बिहार में मंगलवार को धूमधाम और हषरेल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। ऐसे में बाढ़ की त्रासदी भी यहां के जश्न-ए-आजादी में देशभक्ति के जज्बे को रोक नहीं सका है। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में अधिकारियों ने बाढ़ के पानी में नौका पर खड़े होकर ध्वजारोहण किया, जबकि कमर भर पानी में देश के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बिहार के बगहा में जल सैलाब और तबाही के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। यहां पानी से डूबे अनुमंडलीय मैदान में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) धर्मेद्र कुमार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बगहा के पुलिस अधीक्षक शंकर झा भी इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जश्न-ए-आजादी के रंग में डूबे दिखाई दिए। उन्होंने कमर के ऊपर बाढ़ के पानी में पुलिस केंद्र में ध्वजारोहण किया। 

इससे पूर्व एसडीएम और पुलिस अधीक्षक नौका पर सवार होकर बगहा पुलिस केंद्र पहुंचे और झंडे को सलामी देने के लिए कमर भर पानी में खड़े रहे। सलामी देने के लिए बिहार पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी के जवानों ने बाढ़ के पानी में ही परेड में भाग लिया।उल्लेखनीय है कि बगहा शहर पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है। बगहा में बाढ़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप है। बाढ़ का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। उल्लेखनीय है कि बिहार के सीमांचल में स्थित 12 से ज्यादा जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के विभिन्न जिलों के करीब 65.40 लाख की आबादी बाढ़ की चपेट में है, जिसके कारण 41 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।