5 Dariya News

विश्व एथलेटिक्स : योहान जीते पुरुषों की 50 किलोमीटर पैदचाल का सोना

5 Dariya News

लंदन 14-Aug-2017

फ्रांस के एथलीट योहान डिनिज ने यहां विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरुषों की 50 किलोमीटर स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने चैम्पियनशिप में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह स्पर्धा रविवार रात को आयोजित हुई, जिसमें योहान स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैम्पियन बने। उन्होंने इस रेस को तीन घंटे, 33 मिनट और 12 सेकंड में पूरा किया। लंदन ओलम्पिक-2012 में योहान ने इसी मैदान पर जीतने की कोशिश की थी और अब पांच साल बाद वह इसी मैदान पर विश्व विजेता बने हैं। इसके साथ ही वह इस स्पर्धा को जीतने वाले सबसे उम्रदराज एथलीट बन गए हैं। वह अगले साल एक जनवरी को 40 साल के हो जाएंगे। इसके अलावा, इस स्पर्धा में जापान के हिरूकी अराई (तीन घंटे, 41 मिनट और 17 सेकंड) ने रजत पदक और उनके हमवतन काई कोबायाशी (तीन घंटे, 41 मिनट और 19 सेकंड) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड भी योहान के नाम पर है। उन्होंने 15 अगस्त, 2014 में ज्यूरिख में आयोजित प्रतियोगिता में इस स्पर्धा को तीन घंटे, 32 मिनट और 33 सेकंड में पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की थी।