कटड़ा़ शहर के विकास के लिए सभी संभव प्रयास किये जायेंगे- अजय नंदा
मंत्री ने जनोपयोगियों एंव ढांचों का निरीक्षण किया
5 Dariya News
जम्मू 28-Jul-2017
वित्त, योजना तथा रोजगार राज्य मंत्री अजय नंदा ने कहा कि कटड़ा शहर में मूलभूत सुविधाओं एवं मौजूदा ढांचों को बेहतर बनाकर शहर के विकास के लिए संभव प्रयास किये जायेगे।मंत्री ने यह बात शहर के दौरे के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भी भेंट की जिन्होंने उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में बताया।एसडीएम कटडा नीलम खजुरिया, एसडीपीओ अशोक शर्मा, तहसीलदार कटड़ा तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं अभियंता भी दौरे के दौरान मंत्री के साथ थे।मंत्री ने अधिकारियों को स्ट्रीट लाईटों की मुरम्मत तथा नई लाईटों को प्राथमिक स्थानों पर लगाने के निर्देश दिये ताकि लोगों तथा पर्यटकों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए कोई परेशानी न हो। उन्होंने शहर के भीतरी भाग में पानी तथा बिजली आपूर्ति को बेहतर करने पर बल दिया।
दौरे के दौरान मंत्री ने नालियों एवं गलियों की खस्ता हालत को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इनकी मुरम्मत के कार्यो को प्रस्तावित प्लान में शामिल करे जिससे कटड़ा शहर के मौजूदा पानी के निकास को बेहतर किया जा सके।मंत्री ने तहसील आपूर्ति अधिकारी तथा तहसीलदार कटड़ा को निर्देश देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के गरीब परिवारों की जांच करके उन्हें बीपीएल वर्ग में शामिल करे। मंत्री ने एसडीएम को कहा कि वे रेहडियों के लाईसेंस केवल क्षे़त्रीय लोगों को ही प्रदान करें। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कटडा शहर के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये ताकि वे किसी भी परेशानी का सामना न करें, इसके तहत प्रशासन को चाहिए कि वे शहर का नियमित दौरा करे।