5 Dariya News

किन्नौर जिले के पंगी में खोला जाएगा नया पटवार वृत्त: वीरभद्र सिंह

5 Dariya News

किन्नौर 23-Jul-2017

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज किन्नौर जिले के मुख्यालय रिकांगपिओ के कोठी में माता कोठी देवी मंदिर परिसर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पंगी मे नया पटवार वृत्त खोला जाएगा, जो रिकांगपिओ से लगभग 12 कि.मी. दूरी पर स्थित है।उन्होंने कहा कि भाजपा बेवजह झूठा प्रचार कर रही है और आलोचना के लिए आलोचना कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के नजदीक आते ही केवल लोगों को बहकाने के लिए अनेक लोग आ जाते हैं और क्षेत्रीय दूरी पैदा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से सचेत रहने को कहा तथा कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया, जो समग्र विकास के लिए कार्य करती आई है।मुख्यमंत्री ने जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों से भी अवगत करवाया और समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवजों व भाषा के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने देखा है कि जिन्होंने अपने रीति-रिवाजों व भाषा को छोड़ा वह सभ्यताएं समाप्त हो गई । 

विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री जगत सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।जिला कांग्रेस समिति किन्नौर के अध्यक्ष श्री उमेश नेगी, पूह खंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री दया कृष्ण नेगी, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य श्री निर्मल सिंह नेगी, किनफेड के अध्यक्ष चन्द्रगोपाल, टीएसी के सदस्य श्री प्रेम कुमार, किन्नौर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप नेगी, कांग्रेस के सदस्य आचार्य रोशन लाल नेगी, उपायुक्त श्री एन.के. लट्ठ , हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के महाप्रबन्धक श्री पी.सी. नेगी, चीफ इंजीनियर अशोक चौहान व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।