5 Dariya News

राजनाथ सिंह ने दमन एवं दीव के लिए गृह मंत्री की सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की

5 Dariya News

नई दिल्ली 20-Jul-2017

केन्द्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव के लिए गृह मंत्री से संबंधित सलाहकार समिति की बैठक आज यहां केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई।श्री राजनाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष फरवरी के दौरान दमन एवं दीव का दौरा किया था और तटीय सुरक्षा, विकास तथा गवर्नेंस से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की थी। गृह मंत्री ने विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं जैसे कि स्वच्छ भारत अभियान, पहल, आधार नामांकन, बैंक खातों से आधार को जोड़ने, डीबीटी और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के क्रियान्वयन की ताजा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव में विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।सलाहकार समिति के सदस्यों ने दमन एवं दीव में विकास के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित 36 एजेंडा आइटम सुझाए थे। हवाई एवं सड़क संपर्क बेहतर करने से संबंधित मसलों पर विस्तार से चर्चा हुई थी।बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि इस केन्द्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने अगले शैक्षणिक वर्ष दमन में एक इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। यह भी जानकारी दी गई कि केन्द्र शासित प्रदेश का प्रशासन जल्द ही दीव में शिपिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू करने पर विचार कर रहा है।इस बैठक में गृह राज्य मंत्री श्री हंसराज गंगाराम अहीर और दमन एवं दीव के प्रशासक श्री प्रफुल्लभाई खोडाभाई पटेल ने भी शिरकत की।